नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) दिल्ली सरकार की योजना नजफगढ़ नाले के किनारे स्थित 50 एकड़ के कचरा डंपिंग ग्राउंड को ‘अटल बिहारी वाजपेयी मेमोरियल’ उद्यान में परिवर्तित करने की है, जिसमें पैदल मार्ग, एक एम्फीथिएटर, एक बास्केटबॉल कोर्ट और एक बैडमिंटन कोर्ट होगा। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग (आई एंड एफसी) की योजना के अनुसार, इस परियोजना के तहत पूर्व प्रधानमंत्री की 12 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी, साथ ही इसके आसपास फव्वारे और व्यापक हरियाली भी लगाई जाएगी।
दिल्ली सूचना एवं यातायात केंद्र मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा, ‘नजफगढ़ नाले के किनारे स्थित 50 एकड़ की कम उपयोग वाली भूमि को अटल गार्डन के नाम से एक हरित, समावेशी सामुदायिक क्षेत्र में परिवर्तित करने के उद्देश्य से एक पहल की गई है। यह परियोजना पूर्व प्रधानमंत्री के पर्यावरण, संस्कृति और जन को केंद्र में रखकर विकास करने के दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित करेगी।’
अटल गार्डन परियोजना की रिपोर्ट में कहा गया है कि अमलताश, नीम, सिरस, गुलमोहर, आम सहित कुल 6,000 पेड़ लगाए जाएंगे और क्षेत्र को हरा-भरा किया जाएगा।
एक सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, परियोजना की अनुमानित लागत लगभग नौ करोड़ रुपये है।
भाषा तान्या सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
