नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को सचिवालय में राष्ट्रीय राजधानी की नौवीं मुख्यमंत्री के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने के तुरंत बाद वासुदेव घाट पर अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ यमुना आरती की।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना नदी में प्रदूषण और इसकी सफाई बड़ा चुनावी मुद्दा बन गया था। ‘आप’ संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर यमुना के अत्यधिक प्रदूषित होने को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने हमला किया था।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और अपने कैबिनेट सहयोगियों प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंद्र इंद्रराज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह के साथ कैबिनेट की पहली बैठक से पहले ‘मां यमुना पूजा’ की।
घाट पर राम भजन बजाए गए और ‘‘जय श्री राम’’ और ‘‘यमुना मैया की जय’’ के जयकारे लगाए गए।
इससे पहले शालीमार बाग से पहली बार विधायक बनीं गुप्ता को उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उनके मंत्रिपरिषद ने भी शपथ ली।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों अमित शाह, जे पी नड्डा और राजनाथ सिंह समेत भाजपा के शीर्ष नेता और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री इस समारोह में शामिल हुए।
बाद में गुप्ता दिल्ली सचिवालय पहुंचीं और दिल्ली के मुख्यमंत्री का पदभार संभाला। दिल्ली सचिवालय में उनकी मंत्रिपरिषद के नये सदस्य प्रवेश वर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा और कपिल मिश्रा भी मौजूद थे।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.