नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने एक व्यक्ति को पकड़ा है, जिसने सोमवार दोपहर सुरक्षा घेरा तोड़कर दिल्ली विधानसभा परिसर के अंदर गाड़ी चला दी, ऐसा पता चला है.
दिल्ली पुलिस सूत्रों ने दिप्रिंट को बताया कि उत्तर प्रदेश नंबर वाली एसयूवी चला रहा यह व्यक्ति सोमवार करीब दोपहर 2 बजे गेट नंबर 2 पर सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर घुस गया, जिससे सुरक्षा को लेकर डर की स्थिति बन गई.
मामले की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने कहा, “तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए वह विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता के ऑफिस की ओर गया, जहां उसने पोर्च के पास फूलों का एक बुके रखा और फिर वहां से चला गया.”
पुलिस ने उस व्यक्ति की तलाश शुरू की और बाद में उसे नॉर्थ दिल्ली से पकड़ लिया तथा उसकी गाड़ी जब्त कर ली.
सुरक्षा में सेंध की घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा दिल्ली विधानसभा पहुंचे. स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (स्पेशल सेल) अनिल शुक्ला और स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (लॉ एंड ऑर्डर) रवींद्र यादव पहले से ही मौके पर मौजूद थे. दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच और बम स्क्वॉड की टीमें भी वहां पहुंचीं.
परिसर के अंदर सीआरपीएफ तैनात कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि बुके में कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली है, लेकिन अब यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है कि पूरी घटना कैसे हुई. पुलिस सीसीटीवी फुटेज देख रही है ताकि यह पता चल सके कि वह व्यक्ति किस रास्ते से अंदर आया.
(यह डेवलपिंग स्टोरी है आगे और जानकारी का इंतजार है.)
