नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) दिल्ली के उत्तम नगर में रामनवमी की शोभायात्रा के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, इलाके में होली के दौरान हुई झड़प के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया गया है।
पुलिस ने बताया कि जेजे कॉलोनी में पड़ोस में रहने वाले दो परिवारों के बीच होली (चार मार्च) के दिन हुई झड़प में घायल हुए 26 वर्षीय तरुण की मौत के बाद इलाके में तनाव बढ़ने के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गयी है।
पुलिस के अनुसार, ‘शोभा यात्रा’ में अच्छी खासी लोगों की भागीदारी हो रही है और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इसपर करीबी नजर रख रहे हैं। पुलिस ने बताया कि निर्धारित मार्ग पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “उत्तम नगर में संवेदनशील स्थानों, चौराहों और घनी आबादी वाले इलाकों में पर्याप्त बल तैनात किया गया है, जबकि यातायात और भीड़ की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए अवरोधक लगाए गए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रणनीतिक स्थानों पर त्वरित प्रतिक्रिया बल (आरएएफ) की टीम भी तैनात की गई हैं।”
अधिकारी ने बताया कि उत्तम नगर में लगातार गश्त की जा रही है और शोभायात्रा के दौरान लोगों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जा रही है।
मौजूदा संवेदनशीलता को देखते हुए रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान अतिरिक्त एहतियाती कदम उठाए गए हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “हमने पर्याप्त सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है, जिसमें आरएएफ के कर्मी भी शामिल हैं और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। हम शोभायात्रा का शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं।”
स्थानीय पुलिस ने समन्वय सुनिश्चित करने और किसी भी अफवाह या गलत सूचना को फैलने से रोकने के लिए समुदाय के लोगों और शोभायात्रा के आयोजकों के साथ भी संवाद किया है।
उत्तम नगर के कुछ हिस्सों में यातायात मार्गों में बदलाव किया गया है।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है और सुरक्षा एजेंसियां सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने तथा शोभायात्रा के दौरान किसी भी तरह के व्यवधान को रोकने के लिए कड़ी सतर्कता बरत रही हैं।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.