scorecardresearch
Monday, 12 January, 2026
होमदेशदिल्ली : दुष्कर्म मामले में फरार आरोपी पांच साल बाद गिरफ्तार

दिल्ली : दुष्कर्म मामले में फरार आरोपी पांच साल बाद गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 11 जनवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने 2021 में दर्ज दुष्कर्म के एक मामले में फरार 34 वर्षीय अरोपी को घटना के पांच साल बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी सुमित मिश्रा के खिलाफ रनहोला पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी और वह लगातार गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था। उसे 2021 में दिल्ली की एक अदालत ने भगोड़ा अपराधी घोषित किया था।

पुलिस ने बताया कि लगातार प्रयासों के बावजूद आरोपी फरार रहा और हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अपना ठिकाना और पहचान बदलता रहा। इस दौरान उसने पकड़े जाने से बचने के लिए एक मछली पालन केंद्र में और बाद में होटल में वेटर के रूप में काम किया।

अधिकारी ने बताया कि विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर, एक टीम ने नौ जनवरी को उत्तराखंड के हरिद्वार से मिश्रा को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह स्थानीय सहयोगियों की मदद से भागने में सफल रहा।

उन्होंने बताया कि पुलिस मिश्रा की गतिविधियों पर लगातार नजर रही थी और उसे आखिरकार 10 जनवरी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली।

पुलिस ने बताया कि दुष्कर्म का मामला 7 मार्च, 2021 का है। एक मोहल्ला क्लिनिक में काम करने वाली स्नातक पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मिश्रा ने उसे नागरिक सुरक्षा भर्ती फॉर्म भरने में मदद करने के बहाने बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘आरोपी ने कथित तौर पर महिला के आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किए। पीड़िता को धमकाने तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए उसके परिवार के सदस्यों के बीच प्रसारित किया।’’

उन्होंने बताया कि फरार रहने के दौरान आरोपी 2022 में हरियाणा में पुलिस दल पर हमले के एक अलग मामले में भी संलिप्त था।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments