scorecardresearch
Thursday, 12 March, 2026
होमदेशदिल्ली: मटियाला झुग्गी बस्ती में भीषण आग से 80 झुग्गियां जलकर खाक, कोई हताहत नहीं

दिल्ली: मटियाला झुग्गी बस्ती में भीषण आग से 80 झुग्गियां जलकर खाक, कोई हताहत नहीं

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के मटियाला इलाके में मछली बाजार के पास एक झुग्गी बस्ती में भीषण आग लग जाने के कारण कम से कम 80 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, झुग्गी बस्ती और उससे लगे कबाड़ रखने के गोदामों में आग लगने की सूचना बुधवार रात 11:54 बजे मिली थी, जिसके बाद दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि बिंदापुर थाने की एक टीम भी तुरंत मौके पर पहुंची और बस्ती के निवासियों को सुरक्षित रूप से निकालने में मदद की।

पुलिस उपायुक्त (द्वारका) कुशल पाल सिंह ने कहा, ‘‘झुग्गियों में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।’’

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगभग चार एकड़ के क्षेत्र में फैल गई थी, जिसके कारण अधिकारियों को दमकल की कई गाड़ियां भेजनी पड़ी।

विभाग के अनुसार, शुरुआत में दमकल की 23 गाड़ियों को आग बुझाने के काम में लगाया गया। पुलिस ने बताया कि आग बुझाने के अभियान के दौरान इनकी संख्या बढ़कर लगभग 28 हो गई।

पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद बृहस्पतिवार तड़के करीब तीन बजे आग पर काबू पा लिया गया।’’

डीसीपी ने यह भी जानकारी दी कि इस महीने की शुरुआत में (सात मार्च को) इस स्थान पर आग लगने की ऐसी ही एक घटना हुई थी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘राजस्व विभाग द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, जिस जमीन पर झुग्गियां स्थित हैं वह एक निजी संपत्ति है लेकिन इसका स्वामित्व विवादित है।’

आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जाना अभी बाकी है।

एक अधिकारी ने कहा, ‘आग पूरी तरह से बुझा दी गई है। झुग्गियां बांस, तिरपाल और प्लास्टिक शीट जैसी अत्यधिक ज्वलनशील सामग्री से बनी थीं।’’

भाषा प्रचेता सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments