जयपुर, 25 सितंबर (भाषा) राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे बुधवार को धानक्या में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्रीय स्मारक स्थल पहुंचे और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
राज्यपाल ने वहां पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन से जुड़ी स्मृतियों पर आधारित संग्रहालय का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा, ‘‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय का सम्पूर्ण जीवन आदर्श का आलोक था।’’
बागडे ने कहा, ‘‘एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने युगीन संदर्भों में भारतीय सनातन संस्कृति को आधुनिक दृष्टि दी।’’ उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के साथ की यादें भी साझा कीं और कहा कि उनका सान्निध्य किसी महा मानव के समीप रहने की अनुभूति है।
राज्यपाल ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय ने हमें एकात्म मानववाद की मौलिक विचार दृष्टि ही नहीं दी बल्कि अंत्योदय के विचारों और शिक्षाओं से आम जन के कल्याण के लिए प्रेरित किया।
राजभवन के बयान के अनुसार, उन्होंने मुंबई में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सान्निध्य को याद करते हुए कहा, ‘‘पंडित दीनदयाल जी की कथनी और करनी एक थी। वह विराट मानवीय दृष्टि के युगपुरुष थे।’’
इस अवसर पर राजस्थान धरोहर बोर्ड के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत ने पंडित उपाध्याय के जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला।
भाषा पृथ्वी सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.