धार (मप्र), 30 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के धार जिले में पिकअप वैन और एसयूवी के बीच हुई टक्कर में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि तीन और घायलों ने दम तोड़ दिया।
अधिकारियों ने बताया कि मजदूरों को लेकर जा रही वैन बुधवार रात इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिकलिया क्रॉसिंग के पास पलट गई और सामने से आ रही स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) से टकरा गई।
घटना के बाद शुरू में 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी।
इंदौर संभाग के आयुक्त डॉ. सुदाम पी. खाड़े ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘धार में एक बेहद दुखद घटना हुई है। हमें सूचना मिली कि 46 लोग (अधिकतर मजदूर) पिकअप वाहन में सवार थे। वाहन पलट गया और हादसा हुआ। अब तक 15 लोगों की मौत की जानकारी मिली है।’’
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घायलों के समुचित उपचार और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
खाड़े और पुलिस महानिरीक्षक अनुराग घटनास्थल पर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘सात घायलों को उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया है, जबकि 15 लोगों का इलाज यहीं हो रहा है। यहां के मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन जरूरत पड़ने पर उन्हें भी रेफर किया जाएगा।’’
उन्होंने बताया कि इंदौर में भी चिकित्सकों की टीम तैनात की गई है ताकि उपचार में किसी तरह की देरी या समस्या न हो।
यह हादसा बुधवार रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच हुआ।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मजदूर धार जिले के बग्गड़ से वैन में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे, तभी चालक चिकलिया क्रॉसिंग के पास वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
तिरला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये देने के निर्देश दिए हैं।
धार जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं, जबकि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने घटना पर शोक व्यक्त किया है।
भाषा सं दिमो सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.