scorecardresearch
Monday, 9 March, 2026
होमदेशदिल्ली में दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज, वायु गुणवत्ता सूचकांक 'खराब' श्रेणी में रहा

दिल्ली में दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज, वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘खराब’ श्रेणी में रहा

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) दिल्ली में सोमवार को मौसम गर्म रहा तथा पूरे शहर में तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा और सुबह भी सामान्य से अधिक गर्मी रही। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।

शहर के बेस स्टेशन सफदरजंग में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग सात डिग्री अधिक 35.3 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से सात डिग्री अधिक) तक पहुंच गया, जिससे दोपहर में गर्मी महसूस हुई। अन्य स्टेशन पर भी ऐसी ही स्थिति दर्ज की गई। रिज में 36.1 डिग्री सेल्सियस, आयानगर में 35.5 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड में 35 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

राजधानी में सुबह के समय न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। यह सामान्य न्यूनतम तापमान से पांच डिग्री अधिक है। पालम में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड में 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) ‘खराब’ श्रेणी में 209 रहा, जो सुबह के 206 के स्तर के करीब था।

सीपीसीबी के अनुसार, 0 से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments