नयी दिल्ली, 29 जनवरी (भाषा) बच्चों के साथ होने वाले अपराधों को नहीं छिपाये जाने एवं अपराधियों को दंडित किये जाने का उल्लेख करते हुए राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने सोमवार को कहा कि ऐसे अपराधों से निपटने के लिए सशक्त प्रणाली विकसित की गयी है।
आयोग की यह प्रतिक्रिया ‘क्राई’ नामक एक एनजीओ की इस रिपोर्ट के बाद आयी है कि 2016 और 2022 के बीच बच्चियों के साथ बलात्कार के मामलों में 96 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। आयोग ने कहा कि जनजागरूकता बढ़ी है जिसके फलस्वरूप बच्चियों के साथ यौन अपराधों के दर्ज होने वाले इतने मामले सामने आये।
कांग्रेस ने एनजीओ की इस रिपोर्ट को लेकर सोमवार को केंद्र पर हमला किया और आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार के ‘अन्याय काल’ में बच्चे भी सुरक्षित नहीं हैं।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एनसीपीसीआर के अध्यक्ष प्रियांक कानूनगो ने कहा कि ऐसे अपराधों से निपटने के लिए सशक्त प्रणाली बनायी गयी है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘पिछले कुछ सालों में एनसीआरबी ने प्राथमिकी के लिए कंप्यूटरीकृत प्रणाली विकसित की है जिसके माध्यम से देशभर के थानों से आंकड़ों को रिपोर्ट में रखा जा रहा है। भारत सरकार ने देशभर में ‘वन स्टॉप’ केंद्रों का एक नेटवर्क बना रखा है जो यह सुनिश्चित कर रहा है कि मामलों में प्राथमिकी दर्ज हो।’’
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा जिनके खिलाफ हाल में पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज किया गया।
कानूनगो ने कहा कि ‘‘इन सूचनाओं में आपके नेता राहुल गांधी के खिलाफ पीड़िता की पहचान उजागर करने के संबंध में पॉक्सो का एक मामला तथा प्रयागराज में उनके घर में अनाथालय में बच्चों के खिलाफ क्ररता को लेकर मामला भी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ किशोर न्याय कानून, 2015 को लागू करते हुए केंद्र सरकार ने उसके क्रियान्वयन के लिए राज्यों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराये ताकि कानून के प्रावधानों के मुताबिक हर थाने में बाल कल्याण पुलिस अधिकारी की नियुक्ति हो तथा हर जिले में विशेष बाल पुलिस इकाई नियुक्त हो जिसका काम बच्चों की देखभाल करना है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘देशभर में राज्य एवं राष्ट्रीय आयोग भी तेजी से मामले दर्ज कर रहे हैं जिसके कारण रिपोर्टिंग बढ़ी है। अब अपराध छिपाये नहीं जाते हैं और अपराधी दंडित किये जाते हैं।’’
एनजीओ के निष्कर्ष पर मीडिया की एक खबर को टैग करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर लिखा , ‘‘मोदी सरकार के अन्याय काल में देश के बच्चे भी सुरक्षित नहीं हैं। पिछले छह सालों में बच्चियों के साथ बलात्कार के मामले 96 प्रतिशत बढ़कर करीब दोगुने हो गये हैं।’’
रमेश ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं लेकिन इस ‘अन्यायकाल’ में बच्चों को भी न्याय की जरूरत है।
उन्होंने कहा, ‘‘ आज देश का हर तबका मोदी सरकार के पिछले 10 सालों के अन्यायकाल का दंश झेल रहा है।’’
भाषा राजकुमार वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
