नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी ने रसोई गैस के ‘‘संकट’’ पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया कि जमाखोरों और बढ़ी कीमतों पर सिलेंडर बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
बेबी ने प्रधानमंत्री से सरकार की हालिया विदेश नीति पर पुनर्विचार करने का भी आग्रह किया और मांग की कि भारत ईरान के खिलाफ अमेरिका-इज़राइल द्वारा युद्ध किए जाने की निंदा करे।
रसोई गैस ‘संकट’ पर माकपा नेता ने कहा कि सरकार पर्याप्त गैस भंडार सुनिश्चित करने में विफल रही है, जो ईरान तथा अमेरिका-इज़राइल युद्ध और इसके परिणामस्वरूप आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान के कारण लगने वाले झटके और अस्थिरता से देश के हितों की रक्षा कर सकती है।
वामपंथी नेता ने कहा कि रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से पहले ही महंगाई से जूझ रहे लोगों पर भारी बोझ बढ़ गया है।
बेबी ने कहा, ‘‘घरेलू खपत के लिए बने गैस सिलेंडर काले बाजार में 1,500 रुपये से लेकर 4,000 रुपये तक की कीमत पर बेचे जा रहे हैं। सरकार को कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए तुरंत कदम उठाने चाहिए और सभी जरूरतमंद व्यक्तियों को गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए।’’
भाषा हक
हक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.