scorecardresearch
Monday, 13 April, 2026
होमदेशमाकपा, कांग्रेस ने केरल चुनाव के आंकड़े जारी करने में देरी को लेकर निर्वाचन आयोग से सवाल किया

माकपा, कांग्रेस ने केरल चुनाव के आंकड़े जारी करने में देरी को लेकर निर्वाचन आयोग से सवाल किया

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 13 अप्रैल (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और कांग्रेस ने हाल ही में संपन्न केरल विधानसभा चुनाव के विस्तृत मतदान आंकड़े जारी करने में देरी को लेकर सोमवार को निर्वाचन आयोग से सवाल किया।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी डी सतीशन ने निर्वाचन आयोग को एक पत्र लिखकर नौ अप्रैल को हुए केरल विधानसभा चुनाव से संबंधित विस्तृत मतदान आंकड़े तत्काल प्रकाशित करने का आग्रह किया है।

सतीशन ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लिखे एक पत्र में बताया कि मतदान समाप्त होने के तीन दिन बीत जाने के बावजूद, आधिकारिक और प्रमाणित आंकड़े अभी तक आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।

उन्होंने 12 अप्रैल के पत्र में कहा कि क्षेत्रवार मतदान डेटा, मतदान प्रतिशत और डाक मतपत्रों के आंकड़े अभी तक उपलब्ध नहीं हैं। सतीशन ने कहा कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने, जनता की निगरानी सुनिश्चित करने और चुनावी प्रक्रिया में विश्वास बनाए रखने के लिए ऐसी जानकारी का शीघ्र जारी किया जाना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने आयोग से मतदान प्रतिशत और डाक मतदान डेटा बिना किसी देरी के अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित करने का अनुरोध किया।

इस बीच, माकपा नेता एवं सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने भी इस देरी पर चिंता जताते हुए इसे ‘असामान्य’ बताया। उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा, ‘चुनाव हुए चार दिन बीत चुके हैं। यह बेहद असामान्य है कि निर्वाचन आयोग ने अभी तक मतदान के आंकड़े जारी नहीं किये हैं।’

उन्होंने कहा कि आयोग को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन, सेवा मतपत्रों, डाक मतपत्रों और घर बैठकर डाले गए मतों को मिलाकर मतदान के अंतिम आंकड़े तुरंत प्रकाशित करने चाहिए।

शिवनकुट्टी ने देरी के कारणों पर स्पष्टीकरण मांगते हुए कहा कि उन्नत तकनीक के युग में आंकड़े के संकलन में इस तरह की देरी पारदर्शिता पर सवाल उठाती है।

उन्होंने कहा कि आयोग को जनता की चिंताओं को दूर करने और सभी श्रेणियों के मतों के सटीक आंकड़े आधिकारिक तौर पर जारी करने के लिए तत्काल कदम उठाना चाहिए।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार, केरल में नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में 78.03 प्रतिशत मतदान हुआ। 140 विधानसभा क्षेत्रों से 883 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। विधानसभा चुनाव के परिणाम चार मई को घोषित होंगे।

भाषा अमित मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments