सागरदिघी (पश्चिम बंगाल), दो मार्च (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की सागरदिघी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हुई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस-वाम गठबंधन के उम्मीदवारों के बीच मुख्य मुकाबला देखने को मिल सकता है।
तृणमूल और भाजपा ने क्रमशः देबाशीष बनर्जी और दिलीप साहा को मैदान में उतारा है, जबकि बायरन बिस्वास वाम समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार हैं।
तृणमूल के तीन बार के विधायक एवं राज्य के मंत्री सुब्रत साहा के पिछले साल दिसंबर में निधन के बाद सागरदिघी विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया गया।
यहां 60 प्रतिशत से अधिक अल्पसंख्यक आबादी के अलावा ग्रामीण सीट में करीब 18.5 प्रतिशत अनुसूचित जाति और 6.5 प्रतिशत अनुसूचित जनजाति की आबादी है। सीट पर करीब 2.3 लाख मतदाता हैं।
इस निर्वाचन क्षेत्र में 27 फरवरी को मतदान हुआ, जिसमें 73 प्रतिशत से अधिक मत पड़े।
भाषा सुरभि निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.