( आलिंद चौहान )
नयी दिल्ली, 26 नवंबर (भाषा) तुर्किये के अंताल्या में संयुक्त राष्ट्र (यूएन) की वार्षिक जलवायु वार्ता रविवार को किसी व्यापक समझौते या अंतिम घोषणा पर सहमति के बिना समाप्त हो गई।
यूरोपीय संघ और कई अन्य देशों ने उस मसौदे का समर्थन करने से इनकार कर दिया, जिसमें जीवाश्म ईंधन का इस्तेमाल चरणबद्ध तरीके से समाप्त करने का उल्लेख नहीं था। इसके बाद कई मीडिया रिपोर्ट और बयान में वार्ता या सीओपी31 को ”विफल” बताया गया।
हालांकि, वर्षों से इन सम्मेलनों पर नजर रख रहे विशेषज्ञों ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि इस नजरिये को वास्तविकता से अनजान कहा जा सकता है।
ऊर्जा, पर्यावरण एवं जल परिषद (सीईईडब्ल्यू) के वरिष्ठ अनुसंधानकर्ता वैभव चतुर्वेदी ने कहा कि घोषणा-पत्र संयुक्त राष्ट्र की प्रक्रिया के तहत अनिवार्य नहीं है और वास्तविक बातचीत अनुकूलन वित्तपोषण तथा उत्सर्जन में कमी जैसे तकनीकी मुद्दों पर होती है। उन्होंने कहा कि अंतिम घोषणा का मसौदा तैयार नहीं होने का यह मतलब नहीं है कि 15 दिनों तक चली तकनीकी बातचीत बेकार गई।
‘थर्ड वर्ल्ड नेटवर्क’ के वरिष्ठ शोधकर्ता इंद्रजीत बोस ने कहा कि केवल ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर नहीं करने के कारण पूरे सम्मेलन को विफल बताना अतिशयोक्ति है और यह पश्चिमी नजरिया है। उनके मुताबिक, विकासशील देश अब विकसित देशों के निर्देशों का आंख मूंदकर पालन नहीं करते।
सम्मेलन में कुछ प्रगति भी हुई। परोपकारी संस्थाओं ने मीथेन उत्सर्जन में कमी लाने के लिए 48 करोड़ अमेरिकी डॉलर से अधिक की नई सहायता देने की घोषणा की।
‘मौसम’ की न्यासी सौम्या दत्ता ने कहा कि ग्लासगो में 2021 में मीथेन संबंधी संकल्प के बाद कुछ प्रगति हुई है और इस सम्मेलन में भी इस मुद्दे पर ध्यान दिया गया।
बोस ने कहा कि विकासशील देशों ने विकसित देशों की ओर से उनके आर्थिक और नीतिगत दायरे को सीमित करने की कोशिशों का विरोध किया। उन्होंने यूरोपीय संघ की कार्बन सीमा समायोजन व्यवस्था (सीबीएएम) जैसी एकतरफा व्यापार नीतियों का उदाहरण देते हुए कहा कि इनसे उत्सर्जन में कमी का लाभ सीमित है, जबकि यूरोपीय उद्योगों को संरक्षण मिलता है। विकासशील देशों ने अंतिम घोषणा में ऐसे उपायों के खिलाफ कड़ा संदेश देने की मांग की थी, लेकिन विकसित देशों ने सहमति नहीं जताई।
हालांकि, विशेषज्ञों ने माना कि सम्मेलन निराशाजनक भी रहा। यह वैश्विक तापमान वृद्धि को 1.5 डिग्री सेल्सियस तक सीमित रखने और जलवायु संबंधी जोखिमों को कम करने के लिए उत्सर्जन में कमी लाने की प्रक्रिया तेज करने में विफल रहा।
चतुर्वेदी ने कहा कि प्रमुख प्राथमिकताओं पर सार्थक प्रगति नहीं हुई और अनुकूलन के लिए सार्वजनिक वित्तपोषण का कोई स्पष्ट लक्ष्य तय नहीं हो सका।
विशेषज्ञों ने कहा कि कमियों के बावजूद सीओपी की अहम भूमिका है, क्योंकि संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन रूपरेखा अभिसमय (यूएनएफसीसीसी) जलवायु नीतियों पर बातचीत का एकमात्र बहुपक्षीय मंच है। चतुर्वेदी के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र के जलवायु सम्मेलन दीर्घकालिक नीतिगत संकेत देते हैं, जो बाजार और कंपनियों के निवेश को दिशा देते हैं।
उन्होंने कहा कि कार्बन कैप्चर और भंडारण के लिए 2035 तक 50 करोड़ टन का वैश्विक लक्ष्य तय करने जैसे कदम निजी क्षेत्र में अनुसंधान और सार्वजनिक वित्तपोषण को प्रोत्साहित कर सकते हैं। विकासशील देशों को अनुमानित वित्तीय सहायता और प्रौद्योगिकी उपलब्ध कराना भी जरूरी है।
बोस ने कहा कि जलवायु वार्ता में गतिरोध की मुख्य वजह विकसित देशों का विकासशील देशों को जलवायु वित्तपोषण, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और क्षमता निर्माण संबंधी वादे पूरे नहीं करना है। उन्होंने कहा कि जलवायु वित्त के लिए धन की कमी राजनीतिक इच्छाशक्ति के अभाव को दर्शाती है, जबकि सैन्य युद्धों के लिए भारी संसाधन तेजी से जुटा लिए जाते हैं।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.