गुरुग्राम: पांच साल पहले उनके रिहायशी परिसर चिंटेल्स पैराडिसो (Chintels Paradiso) का एक टावर ढहने के बाद, अर्पित और श्वेता तिवारी के पास दो ऑप्शन थे: उस कॉन्डोमिनियम में रहना, जिस पर अब उन्हें भरोसा नहीं रहा था, या वहां से निकलकर दूसरा घर खरीदना. ज़ाहिर है, उन्होंने दूसरा रास्ता चुना.
लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि गुरुग्राम के हाउसिंग मार्केट में अब उनके लिए घर खरीदना ही मुमकिन नहीं रह गया था.
अर्पित ने कहा, “डेवलपर ने हमें फ्लैट के लिए चुकाई गई रकम तो लौटा दी, लेकिन मौजूदा बाजार दरों पर नहीं. हमने दूसरे फ्लैट तलाशने शुरू किए और कीमतें देखकर हैरान रह गए.” अब वह गुरुग्राम के सेक्टर 109 में किराये के मकान में रह रहे हैं.
तिवारी दंपति ने 2021 में चिंटेल्स पैराडिसो में 1.5 करोड़ रुपये में एक प्रीमियम 3BHK फ्लैट खरीदा था. एक साल बाद वे वहां से निकल गए. फरवरी 2022 में चिंटेल्स पैराडिसो परिसर के टावर डी की छठी मंजिल ढह गई थी. इसके बाद पहली मंजिल तक एक के बाद एक मंजिलें ढह गईं. इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई और छह घायल हुए. बाद में डेवलपर ने निवासियों को फ्लैट के बदले पैसे लेने का विकल्प दिया, जिसे दंपति ने चुना, लेकिन इसमें एक शर्त थी: उन्हें मुआवजा 2021 की बाजार दर पर दिया जाएगा, न कि लेनदेन के समय फ्लैट की कीमत के हिसाब से.
इन 12 महीनों में कीमतें तेजी से बढ़ चुकी थीं. वही 3BHK अब 2.5 करोड़ रुपये में बिक रहा था, यानी कीमत में 66 फीसदी की भारी बढ़ोतरी.
तिवारी दंपति की कहानी गुरुग्राम के रियल एस्टेट उछाल के केंद्र में मौजूद एक विरोधाभास को सामने लाती है. जिस आईटी मध्यवर्ग ने इस मिलेनियल शहर के रियल एस्टेट विकास को गति दी, अब वही यहां घर खरीदने की दौड़ से बाहर होता जा रहा है. बढ़ती जीवनयापन लागत और नौकरी की अनिश्चितता का असर एनसीआर के रियल एस्टेट बाजार पर पड़ने लगा है. सैलरीड प्रोफेशनल्स आसमान छूती घरों की कीमतों के साथ तालमेल नहीं बिठा पा रहे हैं, जिसके चलते मकान बिकने में भी अधिक समय लग रहा है. आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 86,200 घर अब भी नहीं बिके हैं.
वहीं, डेवलपर इस सुस्ती से बचने के लिए किफायती आवास से लग्जरी और प्रीमियम घरों की ओर रुख कर रहे हैं. 2024 में सरकार की किफायती आवास योजना की रफ्तार भी धीमी पड़ने के बाद, नौकरीपेशा लोगों के पास ऊंचे किराये पर घर लेने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है. संपत्ति खरीदकर अपनी पूंजी बनाने की उम्मीद भी दूर होती जा रही है.
पायनियर अर्बन लैंड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ऋषभ पेरिवाल ने कहा, “गुरुग्राम में घर खरीदना अब पहले से कहीं ज्यादा मुश्किल हो गया है, क्योंकि पिछले कुछ वर्षों में यहां आवास निर्माण की अर्थव्यवस्था में बड़े बदलाव आए हैं. ज़मीन की कीमतें बढ़ी हैं, निर्माण और नियमों के अनुपालन की लागत बढ़ी है और आज बनाए जा रहे घरों की गुणवत्ता भी पहले के मुकाबले काफी बेहतर है.”
लेकिन अधिक पेशेवरों का किराये के मकानों की ओर रुख करना भी अच्छी खबर नहीं है. डेवलपरों का कहना है कि इससे गुरुग्राम के साथ-साथ नोएडा में भी किराये बढ़ रहे हैं. नोएडा में संपत्ति की कीमतें अपेक्षाकृत कम हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में यहां भी तेजी से बढ़ी हैं.
रियल एस्टेट बिल्डर रवि कुमार ने कहा, “पिछले चार वर्षों में नोएडा में संपत्ति की कीमतें तेजी से बढ़ी हैं. पहले जो लोग गुरुग्राम में घर नहीं खरीद सकते थे, वे नोएडा आ जाते थे. अब वे ग्रेटर नोएडा जा रहे हैं, क्योंकि वहां भी संपत्ति की कीमतें और बढ़ गई हैं.”
उन्होंने बताया कि जिस प्रीमियम संपत्ति की कीमत एक साल पहले तक 3 करोड़ रुपये थी, अब उसकी कीमत 5 करोड़ रुपये हो गई है.
अनारॉक की एक रिपोर्ट भी इन दावों की पुष्टि करती है. रिपोर्ट के मुताबिक, प्रमुख भारतीय शहरों में नोएडा में संपत्ति की कीमतों में सबसे ज्यादा वृद्धि दर्ज की गई है. यहां औसत आवासीय कीमतें 2019 में 4,795 रुपये प्रति वर्ग फुट से बढ़कर 2026 की दूसरी तिमाही में 10,780 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गईं, यानी 125 फीसदी की वृद्धि.
ऐसे में वेतनभोगी पेशेवर बढ़ती जीवनयापन लागत और रियल एस्टेट के लगातार महंगे होते जाने के बीच फंसे हैं. वे अपने घर के मालिक बनने का सपना धीरे-धीरे अपनी पहुंच से बाहर होता देख रहे हैं.
गुजर-बसर के लिए लगातार जद्दोजहद
2021 में चिंटेल्स हादसे के बाद से अर्पित और श्वेता कई किराये के मकान बदल चुके हैं. उन्हें मुआवजे में मिली रकम इतनी नहीं थी कि वे नया 3BHK खरीद सकें. परिवार के छह सदस्यों को छोटे घर में रखना भी संभव नहीं था. इसलिए उन्होंने गुरुग्राम के सेक्टर 102 स्थित जॉयविल सोसायटी में 50,000 रुपये महीने के किराये पर घर लिया, लेकिन सिर पर छत ढहने का वह डर अब भी उनका पीछा नहीं छोड़ रहा था.
कुछ महीने बीत गए. दंपति ने सोसायटी के फ्लैट मालिकों से बात की और धीरे-धीरे उसी सोसायटी में घर खरीदने के विचार को लेकर सहज होने लगे. लेकिन तब तक कीमतें एक बार फिर उनकी पहुंच से बाहर हो चुकी थीं.
अनारॉक के मुताबिक, गुरुग्राम में संपत्ति की कीमतें पिछले पांच वर्षों में दोगुने से भी अधिक हो गई हैं. 2019 में जहां औसत कीमत 6,150 रुपये प्रति वर्ग फुट थी, वहीं 2026 में यह बढ़कर 13,350 रुपये प्रति वर्ग फुट हो गई.
दंपति ने दिप्रिंट को बताया कि एक साल पहले 2.5 करोड़ रुपये में मिलने वाला 3BHK अब 3.5 करोड़ रुपये में मिल रहा था. उस समय गर्भवती रहीं श्वेता ने कहा, “डेवलपर से बात करते ही हमारे चेहरे उतर गए. हम किसी भी तरह इतनी बड़ी रकम नहीं जुटा सकते थे.”
इसके बाद एक और झटका लगा. 2024 में महामारी के बाद कंपनियों में हुई बड़े पैमाने की छंटनी के दौरान श्वेता की नौकरी चली गई. एक कमाई खत्म हो गई थी, बच्चा आने वाला था और किराया लगातार बढ़ रहा था. ऐसे में दंपति मुश्किल स्थिति में फंस गए.
श्वेता ने कहा, “इसलिए हमने सबसे मुश्किल फैसला लिया. हम एक दूसरी सोसायटी में चले गए, जहां किराया कम था.” बाद में उन्हें दूसरी नौकरी मिल गई, लेकिन कम सैलरी पर, “मेरे बेटे की स्कूल फीस हर तीन महीने में 54,000 रुपये है. इसके अलावा वह ट्यूशन पढ़ता है और क्रिकेट की क्लास भी जाता है.”

बढ़ती जीवनयापन लागत के साथ तालमेल बिठाने के लिए दंपति लगातार जद्दोजहद में हैं. श्वेता दिन में काम करती हैं, जबकि अर्पित शाम को काम शुरू करते हैं. सप्ताहांत ही वह समय होता है जब दोनों साथ बैठकर बात कर पाते हैं.
दंपति ने कहा, “जब वह काम कर रहे होते हैं, मैं सो रही होती हूं और जब मैं काम कर रही होती हूं, वह सो रहे होते हैं. गुरुग्राम में रहने का अब कोई दूसरा तरीका नहीं है, लेकिन अब हम यह सब घर खरीदने के लिए नहीं कर रहे हैं. हम सिर्फ गुजारा करने के लिए ऐसा कर रहे हैं.”
सपने और सामर्थ्य के बीच
जब अंकिता सिंह के पिता उनके लिए रिश्ता तलाशने लगे, तो उनकी एक ही शर्त थी: अगर परिवार गुरुग्राम में रिश्ता देख रहा है, तो लड़के के पास अपना घर होना चाहिए.
अंकिता, जो पेशे से प्रोफेसर हैं, की शादी 2024 में हुई. उनके पति के माता-पिता के पास गुरुग्राम के मध्य में एक कॉन्डोमिनियम था, लेकिन उसमें परिवार के पांच सदस्यों के रहने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी.
अंकिता के पति घर से काम करते थे. शाम को जब वह काम से लौटतीं, तो उनके पास आराम करने के लिए कोई कमरा नहीं होता था. पति को काम के लिए शांति चाहिए थी, जबकि बाकी कमरे सास-ससुर और ननद के थे. ऐसे में वह घर के कामों में जुटने से पहले एक घंटे के लिए हॉल के सोफे पर लेट जाती थीं. लेकिन कई बार उनके घर पहुंचने तक हॉल में मेहमान बैठे होते थे.
तब अंकिता और उनके पति ने अधिक जगह और निजता के लिए किराये के मकान में जाने का फैसला किया.
डेवलपरों का कहना है कि कोविड के बाद बड़े और ज्यादा जगह वाले घरों की मांग बढ़ी. महामारी ने लोगों को घरों तक सीमित कर दिया और वर्क फ्रॉम होम चलन में आ गया. इससे घर खरीदने वालों के लिए जगह और निजता का महत्व बढ़ गया. परिवार घरों में अधिक समय बिताने लगे, जिससे अतिरिक्त कमरों और अधिक जगह वाले मकानों की मांग बढ़ी.
गुरुग्राम के रियलटाइम रियल्टर्स के सेल्स डायरेक्टर संदीप यादव ने कहा, “अब 3BHK, नया 2BHK बन गया है. खरीदार अब 2BHK नहीं चाहते, भले ही वे सिर्फ एक दंपति हों या छोटा परिवार. वे निजता के लिए एक अतिरिक्त कमरा चाहते हैं.”
इसके बाद शुरू हुई घर की तलाश, जिसमें दंपति के अधिकांश सप्ताहांत और छुट्टियां निकल गईं. साइबर सिटी बहुत महंगी थी. द्वारका एक्सप्रेसवे बहुत दूर था. दंपति के लिए 2BHK आदर्श होता, लेकिन ऐसे मकान बहुत कम थे. जो मिले, वे पुराने और कम जगह वाले थे. इसलिए उन्होंने 3BHK लेने का फैसला किया, लेकिन वह भी उनके बजट से बाहर था.
अंकिता ने दिप्रिंट को बताया, “3BHK का किराया करीब 70,000 रुपये महीने था और उसमें भी बुनियादी सुविधाएं नहीं थीं. कई मामलों में पुराने फर्नीचर के साथ गुजारा करना पड़ता है. ऐसा लगता है कि आप इतनी बड़ी रकम चुकाते हैं और फिर भी आरामदायक जिंदगी नहीं जी पाते.”
घर की तलाश तीन महीने तक चली. एक बार तो उन्होंने घर खरीदने के बारे में भी सोचा.
सिंह ने कहा, “हम अपनी पहुंच के भीतर ऐसा घर चाहते थे, जहां जिम, स्विमिंग पूल, बालकनी, पर्याप्त जगह और पार्क जैसी सुविधाएं हों. लेकिन इस तरह का अपार्टमेंट 5 करोड़ रुपये से कम में नहीं मिल रहा था. यह हमारी क्षमता से बहुत ज्यादा था. हमारा अधिकतम बजट 2 करोड़ रुपये था.”
होम लोन लेना भी उनके लिए कभी विकल्प नहीं रहा. सिंह ने कहा कि वे अभी युवा दंपति हैं और भविष्य में परिवार बढ़ाने की योजना भी बना सकते हैं. ऐसे में वे दशकों तक चलने वाली ईएमआई का बोझ नहीं लेना चाहते थे.
आखिरकार, उन्होंने घर की तलाश छोड़ दी और उसी मकान में रहने लगे. “गुरुग्राम में मध्यवर्ग के लिए कोई जगह नहीं बची है. मैं और मेरे पति अच्छी कमाई करते हैं. वह सॉफ्टवेयर डेवलपर हैं. इसके बावजूद अपना घर खरीदना हमारी पहुंच से बाहर है,” सिंह ने निराशा जताते हुए कहा.
डेवलपर गुरुग्राम में घरों की लगातार बिगड़ती सामर्थ्य की समस्या से अनजान नहीं हैं. लेकिन घटते मुनाफे और जमीन तथा निर्माण की बढ़ती लागत ने किफायती आवास परियोजनाओं को तेजी से अव्यावहारिक बना दिया है.
गुरुग्राम में ऑर्किड पेटल्स, बेस्टेक साइबर पार्क और विपुल वर्ल्ड जैसी बड़ी परियोजनाएं बनाने वाली रूट्स डेवलपर्स के निदेशक जितेंद्र यादव शहर के आवास बाजार में सपनों और उन्हें पूरा करने की आर्थिक क्षमता के बीच बढ़ती खाई की ओर इशारा करते हैं.
यादव ने कहा, “हकीकत यह है कि लोगों की आकांक्षाएं उनकी घर खरीदने की क्षमता से कहीं ज्यादा तेजी से बढ़ी हैं. एक दशक पहले गुरुग्राम में मध्यवर्गीय परिवारों के पास अपने बजट में घर खरीदने के कई विकल्प थे. आज बुनियादी ढांचे के विकास और बड़े, बेहतर सुविधाओं वाले घरों की मांग के चलते बाजार तेजी से प्रीमियम होता जा रहा है.”
क्यों बढ़ रही हैं संपत्ति की कीमतें
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में तेजी से विकसित हो रही बुनियादी ढांचा परियोजनाएं रियल एस्टेट बाजार को गर्म कर रही हैं. गुरुग्राम में ही द्वारका एक्सप्रेसवे, सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर वाटिका चौक से एनएच-48 को जोड़ने वाला प्रस्तावित 4.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर और प्रस्तावित 1,000 एकड़ का ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट कनेक्टिविटी बेहतर करने के साथ रियल एस्टेट बाजार को नई गति दे रहे हैं.
रियल एस्टेट कंसल्टेंसी अनारॉक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, प्रीमियम आवासीय परियोजनाओं की लॉन्चिंग के मामले में एनसीआर, हैदराबाद के बाद दूसरे स्थान पर रहा. रिपोर्ट में कहा गया है, “एनसीआर में 62 फीसदी परियोजनाएं प्रीमियम श्रेणी की थीं. सभी शहरों में लग्जरी और अल्ट्रा-लग्जरी घरों की सबसे अधिक हिस्सेदारी भी यहीं रही, जहां 34 फीसदी नए घरों की कीमत 2.5 करोड़ रुपये से अधिक थी.”
पश्चिम एशिया और अमेरिका के बीच संघर्ष का असर भी गुरुग्राम में संपत्ति की कीमतों पर पड़ा. रियल एस्टेट कारोबारियों के मुताबिक, इस साल फरवरी में संघर्ष शुरू होने के बाद से स्टील, सीमेंट, एल्युमीनियम और ईंधन जैसे कच्चे माल की कीमतें बढ़ने के कारण निर्माण लागत में 15 से 30 फीसदी तक की वृद्धि हुई है. इसे देखते हुए हरियाणा रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (रेरा) ने परियोजनाओं को पूरा करने की समयसीमा में चार महीने की छूट दी.
हरियाणा सरकार भी किफायती आवास के मामले में पीछे हटती दिख रही है. गुरुग्राम में 2014 के मध्य से किफायती आवास परियोजनाओं के लिए कोई नया लाइसेंस जारी नहीं किया गया है. तब से इस योजना की व्यावहारिकता पर सवाल उठते रहे हैं.
गुरुग्राम में बिल्डर फ्लोर बनाने वाली रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक संदीप यादव का कहना है कि डेवलपर किफायती आवास में निवेश नहीं करना चाहते, क्योंकि सरकार की ओर से उन्हें कोई आर्थिक सुरक्षा नहीं मिलती.
बिल्डर फ्लोर आमतौर पर चार से पांच मंजिला इमारतों में बने स्वतंत्र आवासीय फ्लैट होते हैं.
सरकार की किफायती आवास योजना के तहत घर बाजार दरों से कम कीमत पर बेचे जाते थे. हालांकि, निर्माण की लागत डेवलपर के लिए उतनी ही रहती थी और इसकी भरपाई सरकार करती थी. सरकार की इस आर्थिक मदद के बिना किफायती आवास लाभ कमाने वाला कारोबार नहीं रह जाता. यह योजना की नाकामी की एक वजह भी हो सकती है.
यादव ने कहा, “हम घर बनाने के कारोबार में हैं. कारोबार मुनाफे के लिए किया जाता है, नुकसान के लिए नहीं. अतीत में किफायती आवास परियोजनाओं से सिर्फ नुकसान हुआ है. इसलिए डेवलपर अब ऐसे क्षेत्र में निवेश करने को तैयार नहीं हैं, जहां मुनाफा बहुत कम हो या बिल्कुल न हो.” उनका कहना है कि ऐसी परियोजनाओं में निर्माण की गुणवत्ता भी खराब रहती है.
यादव के मुताबिक, जैसे-जैसे गुरुग्राम लग्जरी आवास की ओर बढ़ रहा है, बिल्डर अब हरियाणा के झज्जर और हिसार जैसे जिलों का रुख कर रहे हैं, जहां वे अधिक बिल्डर फ्लोर बना सकें.
कौन खरीद सकता है घर और कहां
1990 के दशक से गुरुग्राम का धीरे-धीरे विस्तार हुआ. आर्थिक उदारीकरण के बाद कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने यहां अपने कार्यालय खोले. शुरुआत में इनका दायरा मुख्य रूप से उद्योग विहार, गोल्फ कोर्स और एनएच-48 के आसपास तक सीमित था, लेकिन नगर निगम के गठन के समय, 2008 में, शहर की नगरपालिका सीमा 1994-95 के 16.5 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर करीब 167 वर्ग किलोमीटर हो गई थी. यानी इसमें लगभग दस गुना विस्तार हुआ.
2010 में आवासीय परियोजनाओं की एक नई लहर शुरू हुई. शहर का विकास दक्षिण की ओर गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड, सोहना रोड और सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) तक पहुंचा.
पेरिवाल ने कहा, “गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड इस बात का अच्छा उदाहरण है कि बेहतर कनेक्टिविटी और सामाजिक बुनियादी ढांचे ने आवास की गुणवत्ता और कीमतों को कैसे बदला है.” पांच साल पहले तक यह गोल्फ कोर्स रोड का एक दूर-दराज और अविकसित विस्तार था. आज यह अपने आप में एक आवासीय और व्यावसायिक केंद्र बन चुका है.
2015 तक गुरुग्राम की नगरपालिका सीमा बढ़कर करीब 231-232 वर्ग किलोमीटर हो गई थी. 2024 में द्वारका एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद रियल एस्टेट बाजार को एक बार फिर गति मिली. इस एक्सप्रेसवे ने गुरुग्राम को दिल्ली और आईजीआई एयरपोर्ट से बेहतर कनेक्टिविटी दी.
पेरिवाल ने इन सड़कों के किनारे विकसित हो रहे अलग-अलग माइक्रो मार्केट की ओर भी इशारा किया. उनके मुताबिक, द्वारका एक्सप्रेसवे, सोहना रोड और न्यू गुरुग्राम में मध्य आय वर्ग के परिवारों की मांग है, जबकि गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड और एसपीआर उद्यमियों, विदेशी पेशेवरों और वरिष्ठ अधिकारियों को आकर्षित कर रहे हैं.
द वेस्टिन रेजिडेंसेज जैसी लग्जरी आवासीय परियोजनाएं बनाने वाली व्हाइट लैंड कॉरपोरेशन के रणनीति निदेशक सुदीप भट्ट का मानना है कि बेहतर गुणवत्ता वाले घरों की मांग गुरुग्राम की स्वाभाविक आर्थिक वृद्धि का नतीजा है.
भट्ट ने कहा, “बड़ी कहानी गुरुग्राम की स्वाभाविक आर्थिक वृद्धि की है. बहुराष्ट्रीय और वैश्विक कंपनियां यहां लगातार अपना विस्तार कर रही हैं. इससे अधिक आय वाले पेशेवरों का एक बड़ा वर्ग तैयार हुआ है, जिसके चलते किराये और खुद के मकान, दोनों की मांग बढ़ी है.”
पिछले दो दशकों से गुरुग्राम में निर्माण कर रहे यादव शहर की अर्थव्यवस्था में एनआरआई और विदेशी पेशेवरों के योगदान को भी अहम मानते हैं.
यादव ने कहा, “निवेशकों और एनआरआई की भागीदारी ने प्रीमियम आवास बाजार को और मजबूती दी है. इसलिए ऐसा नहीं है कि मध्यवर्गीय खरीदारों को जानबूझकर बाहर किया जा रहा है. बल्कि बाजार का अर्थशास्त्र ही ऊपर की ओर बढ़ रहा है, जिससे लोगों की आकांक्षाओं और घर खरीदने की क्षमता के बीच खाई और चौड़ी हो रही है.”

लेकिन अर्पित और श्वेता के लिए द्वारका एक्सप्रेसवे पर भी घर खरीदना अब मुमकिन नहीं है.
श्वेता ने कहा, “द्वारका एक्सप्रेसवे पर अच्छी जगह और पर्याप्त जगह वाला 3BHK फ्लैट 3.5 करोड़ रुपये का है. हमने अब यह स्वीकार कर लिया है कि हम गुरुग्राम में घर नहीं खरीद सकते.”
अब यह दंपति वापस दिल्ली लौटने की योजना बना रहा है.
उन्होंने कहा, “मुझे आज तक समझ नहीं आता कि हम गुरुग्राम में घर खरीदने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन मानसून आते ही पूरा शहर जलभराव का शिकार हो जाता है और सड़कों पर इतना ट्रैफिक होता है कि घर पहुंचना ही एक मिशन बन जाता है. गुरुग्राम अब रहने लायक शहर नहीं रह गया है.”
(इस ग्राउंड रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: खाली पड़े हैं अहमदाबाद के 60% फ्लैट, फिर भी मध्यम वर्ग के लिए घर खरीदना क्यों हुआ मुश्किल?