नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को बुद्ध पूर्णिमा की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और सभी से आग्रह किया कि वे भगवान बुद्ध के आदर्शों को अपनाने का संकल्प लें तथा एक शांतिपूर्ण, समावेशी व न्यायपूर्ण समाज बनाने में योगदान दें।
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि यह पवित्र दिवस भगवान बुद्ध के पृथ्वी पर अवतरण, उनके ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण की ऐतिहासिक घटनाओं का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि करुणा, अहिंसा, शांति और ज्ञान के उनके शाश्वत संदेश संपूर्ण मानवता का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
राष्ट्रपति ने कहा कि अनेक चुनौतियों का सामना कर रही दुनिया में भगवान बुद्ध की शिक्षाएं हमें शांति, सहिष्णुता और आपसी सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं।
मुर्मू ने कहा, “इस शुभ अवसर पर उनके आदर्शों को अपनाने और एक शांतिपूर्ण, समावेशी तथा न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लें।”
भाषा जोहेब नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.