नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को सेना के टी-72 और टी-90 टैंकों के लिए महत्वपूर्ण उपकरणों की खरीद के लिए लगभग 975 करोड़ रुपये के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए, जिससे सशस्त्र बल की बारूदी सुरंग क्षेत्र को भेदने की क्षमता में वृद्धि होगी।
दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में इन अनुबंधों पर हस्ताक्षर किए गए।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि उसने भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल) और इलेक्ट्रो न्यूमैटिक्स एंड हाइड्रोलिक्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड के साथ टी-72/टी-90 टैंकों के लिए “ट्रॉल असेंबली” की खरीद के वास्ते करीब 975 करोड़ रुपये की लागत से समझौते किए हैं।
टी-72/टी-90 टैंकों के लिए ‘ट्रॉल असेंबली’ रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा विकसित एक महत्वपूर्ण उपकरण है, जो भारतीय सेना की बारूदी सुरंग क्षेत्र को भेदने की क्षमता को बढ़ाएगा।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.