देहरादून, 20 फरवरी (भाषा) उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा ‘एआई इंपैक्ट समिट’ के दौरान किए गए विरोध-प्रदर्शन को देश की प्रतिष्ठा पर सीधा हमला बताते हुए शुक्रवार को कहा कि ऐसा करने वालों को इतिहास कभी माफ नहीं करेगा।
मुख्यमंत्री ने यहां जारी एक बयान में कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भारत की छवि धूमिल करने का प्रयास बेहद शर्मनाक है और यह सिर्फ विरोध नहीं, बल्कि देश की प्रतिष्ठा पर सीधा आघात है।
उन्होंने कहा, ‘‘जब पूरा विश्व भारत की प्रौद्योगिकी, आर्थिक और सामरिक शक्ति को स्वीकार कर रहा है, तब कांग्रेस भ्रम, नकारात्मकता, झूठ और अफवाह का एजेंडा चला रही है।’’
धामी ने कहा कि व्यापार समझौतों पर कथित झूठ फैलाना हो या सैनिकों के अदम्य साहस से जुड़े अभियानों तथा गलवान घाटी के वीर जवानों के पराक्रम पर सवाल उठाना हो, कांग्रेस देश के मनोबल को ठेस पहुंचाने का काम करती है।
उन्होंने कहा, ‘‘जो दल अपने देश की सेना, सुरक्षाबलों और राष्ट्रीय हितों पर प्रश्न उठाए, वह सिर्फ कमजोर विपक्ष नहीं होता, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश-विरोध की राजनीति करने वालों को जनता जवाब देगी और भारत की प्रतिष्ठा से खिलवाड़ करने वालों को इतिहास कभी माफ नहीं करेगा।
भाषा दीप्ति खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
