scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशगोवा में कांग्रेस को 24-26 सीटों पर मिलेगी जीत: गिरीश चोडांकर

गोवा में कांग्रेस को 24-26 सीटों पर मिलेगी जीत: गिरीश चोडांकर

Text Size:

पणजी, दो मार्च (भाषा) कांग्रेस की गोवा इकाई के अध्यक्ष गिरीश चोडांकर ने बुधवार को कहा कि यदि उनकी पार्टी को विधानसभा चुनाव में जीत मिलती है, तो बिना किसी संशय के केवल आधे घंटे के भीतर ही मुख्यमंत्री चुन लिया जाएगा।

चोडांकर ने पीटीआई-भाषा को दिए एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को 40 सदस्यीय विधानसभा में 24-26 सीटों पर जीत मिलने की उम्मीद है। गोवा में 14 फरवरी को मतदान हुआ था, जिसके परिणाम 10 मार्च को घोषित किए जाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता दिगम्बर कामत के नाम की ओर इशारा करते हुए कहा, “मैं आपको आश्वस्त कर सकता हूं कि आधे घंटे के भीतर कांग्रेस के सभी विधायक अपना नेता तय कर लेंगे। इसको लेकर हम अपने गठबंधन के सहयोगियों को भी विश्वास में लेंगे। पूरा गोवा जानता है कि मुख्यमंत्री के लिए कांग्रेस की पसंद कौन है।“

उन्होंने कहा कि वह अभी किसी नेता का नाम नहीं लेंगे क्योंकि विधायकों को अपना नेता चुनने का अधिकार होता है।

गोवा में 2013 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार बनाने में कामयाब रही थी। इसके बाद कांग्रेस के कई विधायक सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल हो गए थे।

चोडांकर ने कहा कि इस बार दलबदल की कोई आशंका नहीं है, क्योंकि कांग्रेस ने उचित जांच के बाद उम्मीदवारों का चयन किया है।

भाषा रवि कांत माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments