scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशकांग्रेस पश्चिम बंगाल में अपना खाता भी नहीं खोल पायेगी: शाह

कांग्रेस पश्चिम बंगाल में अपना खाता भी नहीं खोल पायेगी: शाह

Text Size:

कोलकाता, 22 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पायेगी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का इस पार्टी से जुड़ाव उन्हें राजनीतिक रूप से और कमजोर करेगा।

शाह ने न्यू बैरकपुर के निकट दमदम में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए यह भी दावा किया कि कांग्रेस कई राज्यों में करारी हार की ओर बढ़ रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं राहुल गांधी को बताना चाहता हूं कि तमिलनाडु और पुडुचेरी में कांग्रेस दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पायेगी। पश्चिम बंगाल में तो आप अपना खाता भी नहीं खोल पाएंगे और असम में कांग्रेस को अब तक की सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ेगा।’’

बनर्जी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, ‘‘ममता दीदी, आप इसी कांग्रेस के साथ बैठी हैं। आपकी स्थिति भी बदतर होने वाली है।’’

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर राहुल गांधी की संगति में आकर राजनीतिक संवाद का स्तर गिराने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी, आप मोदी जी को जितना अधिक अपशब्द कहेंगे, कमल उतना ही अधिक खिलेगा…… राहुल गांधी के साथ रहकर खरगे जी की भी भाषा बिगड़ने लगी है।’’

घुसपैठ को चुनाव का मुख्य मुद्दा बनाने की कोशिश करते हुए, शाह ने मतदाताओं से न केवल विधायकों को चुनने या सरकार बनाने के लिए, बल्कि पश्चिम बंगाल को बदलने के लिए भाजपा का समर्थन करने का आग्रह किया।

शाह ने कहा, ‘‘किसी विधायक को चुनने या केवल भाजपा सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि घुसपैठियों से मुक्त बंगाल बनाने के लिए अपना मत डालें।’’

पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीट के लिए चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होगा। मतगणना चार मई को होगी।

भाषा देवेंद्र मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments