नयी दिल्ली, 24 दिसंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर शनिवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए महामारी के खतरे के बीच कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने का आरोप लगाया।
ठाकुर ने यह भी सवाल किया कि क्या भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे राहुल गांधी ने कोविड जांच करायी थी, क्योंकि पिछले सप्ताह उनके साथ यात्रा में शामिल हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘चीन और जापान में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं। अस्पतालों के बाहर लंबी कतारें हैं, लाशों के ढेर लग रहे हैं। लेकिन आपको देश के हितों की परवाह नहीं है। आपको केवल एक परिवार की चिंता है। कांग्रेस ने हर बार यही रवैया दिखाया है।’’
उन्होंने यह भी दावा किया कि ‘‘टुकड़े-टुकड़े’’ गिरोह के सदस्य गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में चल रहे हैं। यह यात्रा शनिवार को दिल्ली में प्रवेश कर गई।
ठाकुर ने कहा, ‘‘यदि कोई यात्रा के साथ चल रहा है, तो वे टुकड़े-टुकड़े गिरोह के सदस्य हैं। जो लोग भारत को विभाजित देखना चाहते हैं, वे भारत को एकजुट करने की बात कैसे कर सकते हैं। जो लोग नफरत के बीज बोने के लिए जाने जाते हैं, वे प्यार फैलाने की बात कैसे कर सकते हैं।’’
मंत्री ने आरोप लगाया कि जब पहली बार महामारी का प्रकोप हुआ तो कांग्रेस ने कोरोना वायरस के बारे में गलत सूचना फैलाई और भारतीय वैज्ञानिकों तथा स्वदेशी टीकों की क्षमता पर भी सवाल उठाए।
ठाकुर ने कहा, ‘‘मैं बस आप सभी को याद दिलाना चाहता हूं। ये वही लोग थे जिन्होंने कोविड प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया, गलत सूचना फैलाई जिससे कई लोगों की जान चली गई। आज जब देश और दुनिया एक बार फिर कोविड के खतरे का सामना कर रही है, तो कांग्रेस अपनी जिम्मेदारी से पीछे हट रही है और भ्रष्टाचारियों को एकजुट करने तथा परिवार के हित को कायम रखने पर ध्यान दे रही है।’’ केंद्रीय मंत्री ने कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया।
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
