जम्मू, 27 जून (भाषा) कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि छात्रों और युवाओं के मुद्दों को उठाने के लिए राहुल गांधी द्वारा शुरू किए गए 40 दिवसीय ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत पार्टी नौ अगस्त को संसद का घेराव करेगी।
इसकी घोषणा एआईसीसी सचिव एवं जम्मू-कश्मीर मामलों के सह-प्रभारी परगट सिंह और दिव्या मदेरणा ने यहां संवाददाता सम्मेलन में की।
दोनों नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए परीक्षा घोटालों और प्रश्नपत्रों के लीक होने का मुद्दा उठाया।
कांग्रेस ने बताया कि अभियान के तहत श्रीनगर समेत देशभर के 40 स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
मदेरणा ने संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि पिछले 10 वर्षों में देश के युवाओं को गंभीर संकट का सामना करना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि इस दौरान 89 प्रश्नपत्र लीक और 48 पुनर्परीक्षाओं के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ तथा कम से कम 93 छात्रों ने आत्महत्या की।
उन्होंने कहा, ‘भाजपा के शासनकाल में हाल के वर्षों में चार बार नीट के पेपर लीक हुए हैं।’’
परगट सिंह ने नरेन्द्र मोदी सरकार पर शिक्षा व्यवस्था का व्यवसायीकरण करने और संस्थानों को कमजोर करने का आरोप लगाया।
भाषा राखी अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.