scorecardresearch
Saturday, 21 March, 2026
होमदेशकांग्रेस ने नाबालिग लड़की पर हुए तेजाब हमले को लेकर महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा

कांग्रेस ने नाबालिग लड़की पर हुए तेजाब हमले को लेकर महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधा

Text Size:

मुंबई, 18 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के संगमनेर में छठी कक्षा की एक छात्रा पर कथित तौर पर हुए तेजाब हमले के बाद कांग्रेस ने बुधवार को विधानसभा में राज्य सरकार की जमकर आलोचना की और यहां कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति का आरोप लगाया।

कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने अहिल्यानगर जिले में हुई कथित घटना को ‘‘बहुत परेशान करने वाली’’ बताते हुए सरकार पर महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के खिलाफ अपराधों पर अंकुश लगाने में विफल रहने का आरोप लगाया।

वडेट्टीवार ने स्थगन प्रस्ताव के माध्यम से इस मुद्दे को उठाते हुए तत्काल चर्चा की मांग की और दावा किया कि नाबालिग की हालत गंभीर है तथा आरोपियों को अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है।

उन्होंने सवाल उठाया कि इतने गंभीर अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी कैसे फरार हो गए। कांग्रेस नेता ने स्थानीय पुलिस के कामकाज की भी आलोचना करते हुए अक्षमता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया तथा कहा कि इस तरह की कमियां अपराधियों को और भी बेखौफ बनाती हैं।

वडेट्टीवार ने दावा किया कि राज्य में नाबालिग लड़कियों के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं बढ़ गई हैं और सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।

विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने इस मामले का संज्ञान लिया और सरकार को निर्देश दिया कि वह इस घटना पर सदन में जल्द से जल्द विस्तृत बयान प्रस्तुत करे।

कांग्रेस के सदस्य नाना पटोले ने लड़की को मुंबई लाए जाने और उसे मुफ्त में बेहतर चिकित्सा देखभाल प्रदान किए जाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि लड़की के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं जिनका असर उसके भविष्य पर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रशासन की छवि को धूमिल करती है।

उन्होंने कहा कि अपराधी को पकड़ने में विफलता ने नागरिकों और पीड़ित परिवार के बीच चिंता बढ़ा दी है।

भाषा यासिर नरेश रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments