नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) कांग्रेस ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो द्वारा वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति के प्रस्तावित भारत दौरे के संबंध में दिए गए बयान को लेकर शुक्रवार को केंद्र सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि आखिर रुबियो के पास भारतीय विदेश नीति के बारे में और क्या जानकारियां हैं।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि रुबियो ने ही पिछले साल मई में ऑपरेशन सिन्दूर को रोके जाने की घोषणा सबसे पहले की थी।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत का दौरा करने वाले हैं। वह यहां क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भी शामिल होंगे।
नयी दिल्ली की अपनी पहली यात्रा से पहले उन्होंने बृहस्पतिवार को कहा था कि अमेरिका भारत को उतनी ऊर्जा बेचने के लिए तैयार है जितनी भारत खरीदने को तैयार होगा।
रुबियो ने यह भी कहा था कि वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज भी अगले सप्ताह भारत पहुंचने वाली हैं और नयी दिल्ली के साथ काम करने के कई अवसर मिलेंगे।
रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘10 मई 2025 को शाम 5:37 बजे, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ऑपरेशन सिन्दूर को रोकने की घोषणा करने वाले पहले व्यक्ति थे। बृहस्पतिवार को रुबियो एक बार फिर यह घोषणा करने वाले पहले व्यक्ति थे कि वेनेजुएला की (कार्यवाहक) राष्ट्रपति अगले सप्ताह भारत का दौरा करेंगी। यह बयान भारत और वेनेजुएला की ओर से इसका संकेत दिए जाने या पुष्टि किये जाने से पहले आया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वेनेजुएला की (कार्यवाहक) राष्ट्रपति के अगले सप्ताह नयी दिल्ली में ‘इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस’ में शामिल होने की उम्मीद थी। हालांकि अफ़्रीका में इबोला वायरस के फैलने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया है।’
रमेश ने सवाल किया कि अमेरिकी विदेश मंत्री के पास भारतीय विदेश नीति को लेकर और क्या जानकारी है?
भाषा हक प्रचेता शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.