scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशकांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए सात उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की

कांग्रेस ने असम विधानसभा चुनाव के लिए सात उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) कांग्रेस ने असम में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सात उम्मीदवारों की अपनी चौथी सूची शुक्रवार को जारी कर दी और कुल 11 सीट अपने गठबंधन सहयोगी रायजोर दल के लिए छोड़ दिया।

कांग्रेस असम में कुल 94 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है जबकि गठबंधन सहयोगी रायजोर दल के लिए उसने 11 और अन्य पार्टियों के लिए 15 सीट छोड़ी हैं।

कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति ने असम की 126 सदस्यीय विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का चयन किया है।

चौथी सूची में प्रत्याशियों में जालुकबारी विधानसभा सीट से बिदिशा नियोग, तंगला से रोहित पारिगा, बिश्वनाथ निर्वाचन क्षेत्र से जयंत बोरा, नोबोइचा से जॉय प्रकाश दास, महमोरा से ज्ञानदीप मोहन, टिटाबोर सीट से प्राण कुर्मी और हैलाकांडी विधानसभा क्षेत्र से राहुल रॉय शामिल हैं।

गठबंधन सहयोगियों में रायजोर दल के लिए छोड़ी गई सीट में मानस, जलगांव, थिंग, कालियाबोर, तेजपुर, सिसिबारगांव, मार्गेरिटा, डिगबोई, शिवसागर, मरियानी और बोकाखात शामिल हैं।

कांग्रेस ने बृहस्पतिवार को असम विधानसभा चुनाव के लिए 22 उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी की थी, जिसमें चार मौजूदा विधायक हैं। उनमें से दो प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष हैं।

कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), असम जातीय परिषद और भाकपा (मार्क्सवादी लेनिनवादी) लिबरेशन समेत विपक्षी दलों के गठबंधन का नेतृत्व कर रही है। रायजोर दल के साथ बातचीत अभी जारी है।

कांग्रेस ने तीन मार्च को 42 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची और शनिवार को 23 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की थी।

पार्टी ने असम में अपने गठबंधन सहयोगियों के लिए 15 सीट छोड़ी हैं। पहली दो सूचियों में शामिल उम्मीदवारों में कांग्रेस की असम इकाई के प्रमुख गौरव गोगोई का जोरहाट से, विधानसभा में विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया का नाजिरा से और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष रिपुन बोरा का बरचल्ला से नाम शामिल है।

कांग्रेस 2016 से इस पूर्वोत्तर राज्य में सत्ता से बाहर है, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश करेगी।

निवर्तमान विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 64 विधायक हैं, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद (अगप) के नौ विधायक, यूपीपीएल के सात और बीपीएफ के तीन विधायक हैं।

विपक्ष में कांग्रेस के 26 विधायक, एआईयूडीएफ के 15 विधायक और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक विधायक हैं। एक निर्दलीय विधायक भी हैं।

भाषा राजकुमार सुरभि

सुरभि

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments