जयपुर, 17 नवंबर (भाषा) कांग्रेस सांसद राहुल कस्वां और पार्टी के कई अन्य नेताओं तथा बड़ी संख्या में किसानों ने सोमवार को किसानों के मुद्दे को लेकर चूरू में ट्रैक्टर रैली निकाली।
कांग्रेस नेताओं ने ट्रैक्टर मार्च के साथ जयपुर कूच का आह्वान किया था। लेकिन पुलिस ने रैली को चूरू के रतनपुरा में रोक दिया। बाद में, कस्वां के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में राज्य के कृषि मंत्री से मुलाकात की।
सैकड़ों ट्रैक्टरों वाले इस मार्च में चूरू विधायक नरेंद्र बुडानिया, पूर्व विधायक कृष्णा पूनिया और कई स्थानीय नेता शामिल हुए।
कस्वां ने कहा कि चूरू और पूरे राजस्थान में किसान गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उन्होंने विशेषकर 500 करोड़ रुपये के खरीफ-2021 फसल बीमा दावों को खारिज किए जाने का जिक्र किया। उन्होंने फसल बीमा प्रणाली में विसंगतियों का आरोप लगाया।
सांसद ने डीएपी और यूरिया जैसे उर्वरकों की कमी और कालाबाजारी, एमएसपी टोकन वितरण में अनियमितताओं से किसानों को हो रही परेशानी की बात की।
बाद में, कस्वां और अन्य नेता जयपुर पहुंचे तथा कृषि मंत्री किरोड़ी मीणा के साथ बैठक कर अपनी मांगों पर चर्चा की।
भाषा पृथ्वी
राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
