scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशकांग्रेस नेताओं ने पंचायती राज दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं

कांग्रेस नेताओं ने पंचायती राज दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने सोमवार को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने ग्राम स्वराज का जो सपना देखा था, उसे कांग्रेस पार्टी ने पंचायतों को सुदृढ़ कर पूरा किया।

कांग्रेस ने यह भी कहा कि 30 साल पहले तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 73वें संविधान संशोधन के जरिए पंचायतों को संवैधानिक मान्यता दी।

खरगे ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘सभी को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस की शुभकामनाएं। पंचायती राज संस्थाएं, भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधार स्तंभ हैं और राष्ट्र की प्रगति में अभूतपूर्व भूमिका निभाती हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘महात्मा गांधी जी ने जो ग्राम स्वराज का सपना देखा था उसे कांग्रेस पार्टी ने पंचायतों को सुदृढ़ कर पूरा किया।’’

देश के सभी मुखिया, पंचों और स्थानीय निकायों के सदस्यों को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राहुल गांधी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘हम सब को मिलकर महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज की कल्पना और राजीव गांधी की इस पहल को सशक्त करना है।’’

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा, ‘‘आज ही के दिन 30 साल पहले 73वें संशोधन के माध्यम से महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण का प्रावधान करते हुए पंचायतों को संवैधानिक मान्यता दी गई।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह पूरी तरह से राजीव गांधी के प्रयासों का परिणाम था। आज इनमें लगभग 32 लाख निर्वाचित प्रतिनिधि हैं, जिनमें क़रीब 15 लाख महिलाएं हैं।’’

पंचायती राज मंत्रालय प्रतिवर्ष 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के रूप में मनाता है।

भाषा ब्रजेन्द्र ब्रजेन्द्र मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments