scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशकांग्रेस नेता राजीव गौड़ा को पार्टी से निलंबित किया जाए : केपीसीसी महासचिव मनोहर

कांग्रेस नेता राजीव गौड़ा को पार्टी से निलंबित किया जाए : केपीसीसी महासचिव मनोहर

Text Size:

बेंगलुरु, 16 जनवरी (भाषा) कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के महासचिव एस मनोहर ने शुक्रवार को राज्य के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को पत्र लिखकर पार्टी नेता राजीव गौड़ा को एक महिला अधिकारी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप में तत्काल निलंबित करने का आग्रह किया।

शिदलाघट्टा नगर परिषद आयुक्त अमृता गौड़ा की शिकायत के बाद राजीव गौड़ा के खिलाफ बुधवार को प्राथमिकी दर्ज की गई थी और तब से वह फरार हैं।

अमृता गौड़ा ने आरोप लगाया है कि राजीव ने फोन पर उनकी तस्वीर वाला बैनर हटाने के लिए कथित तौर पर उन्हें अपशब्द कहा और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

मनोहर ने पत्र में गौड़ा द्वारा बैनर हटाने के संबंध में की गई कथित टिप्पणियों की कड़ी निंदा करते हुए उन्हें ‘‘अत्यंत निंदनीय, आपत्तिजनक और अपमानजनक’’ बताया।

उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान न केवल एक अधिकारी का अपमान करते हैं बल्कि सार्वजनिक सेवा में महिलाओं की गरिमा को भी नुकसान पहुंचाते हैं।

कांग्रेस ने पार्टी नेता गौड़ा को कारण बताओं नोटिस जारी किया है।

कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक आर. अशोक ने भी राजीव गौड़ा के आचरण की निंदा की और आरोप लगाया कि कांग्रेस उन्हें संरक्षण दे रही है।

अशोक ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री के.एच. मुनियप्पा राजीव गौड़ा की प्रशंसा करते हुए उन्हें एक अच्छा इंसान बता रहे हैं। मंत्री ने नगर आयुक्त पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने चिक्कबल्लापुरा जिले के उपायुक्त को सूचित नहीं किया। कांग्रेस नेताओं को शर्म आनी चाहिए।’’

नेता प्रतिपक्ष ने राज्य की मुख्य सचिव शालिनी रजनीश को एक ज्ञापन देकर राजीव गौड़ा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

भाषा धीरज प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments