scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशभाजपा का 'पोषक संगठन' बन गई है कांग्रेस: माकपा

भाजपा का ‘पोषक संगठन’ बन गई है कांग्रेस: माकपा

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 मार्च (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर भाजपा के लिए ‘पोषक संगठन’ बनने का आरोप लगाया और कहा कि सांप्रदायिक ताकतों से लड़ने के मुख्य विपक्षी दल के दावे पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। केरल की सत्तारुढ़ पार्टी ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के हमले को लेकर पलटवार किया।

माकपा ने कहा कि कांग्रेस को इस बात के लिए आत्मनिरीक्षण करना चाहिए कि उसके कई नेता भाजपा में क्यों चले गए हैं।

माकपा पोलित ब्यूरो ने एक बयान में कहा कि केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और माकपा की धर्मनिरपेक्ष साख के खिलाफ राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा दिए गए ‘भड़काऊ बयानों को दृढ़ता से खारिज करता है’।

उसने कहा, ‘चुनावी लाभ हासिल करने के लिए उनके द्वारा अफवाहें फैलाई जा रही हैं। भाजपा के बजाय भाजपा को निशाना बनाकर, कांग्रेस नेता सांप्रदायिक-सत्तावादी ताकतों से लड़ने के अपने दावे से पीछे हट रहे हैं। केरल के लोग इस एजेंडे को समझेंगे।’

बयान में कहा गया है, ”कांग्रेस नेताओं को आत्ममंथन करना चाहिए कि एक के बाद एक राज्य में उनके नेता पार्टी छोड़कर भाजपा में क्यों शामिल हुए हैं।”

माकपा ने कहा कि यह सर्वविदित तथ्य है कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने पिछली कांग्रेस सरकार में महत्वपूर्ण विभाग संभाले थे, त्रिपुरा में वाम मोर्चे को हराने के लिए 2018 में पूरा कांग्रेस नेतृत्व भाजपा में शामिल हो गया था और केंद्र सरकार में कई मंत्री और भाजपा से संबंधित संसद सदस्य पहले कांग्रेस में प्रमुख नेता रह चुके हैं।

वाम दल ने आरोप लगाया, ”कांग्रेस भाजपा का पोषक संगठन बन गई है।”

भाषा हक रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments