कोहिमा, एक जून (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को नगालैंड के राज्यपाल जगदीश मुखी से नेफ्यू रियो के नेतृत्व वाली संयुक्त लोकतांत्रिक गठबंधन (यूडीए) सरकार को बर्खास्त करने का आग्रह किया और दावा किया कि राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है और अब यह जनता की सरकार नहीं है।
नगालैंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एनपीसीसी) के अध्यक्ष के. थेरी ने संवाददाताओं से कहा कि राज्यपाल की अनुपस्थिति में कांग्रेस ने राजभवन को एक ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने कहा कि हालांकि रियो सरकार को बर्खास्त करने के लिए कांग्रेस द्वारा कोई समय सीमा निर्धारित नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यूडीए सरकार अब लोगों की सरकार नहीं है और इसलिए पार्टी इसे हटाने की मांग करती रहेगी।
उन्होंने एनएससीएन (आईएम) के इस आरोप का हवाला दिया कि राज्य के विधायक नगा राजनीतिक मुद्दे के सूत्रधार के रूप में अपनी ‘निर्धारित भूमिका’ से परे जा रहे हैं।
थेरी ने कहा कि कांग्रेस को उम्मीद थी कि नगालैंड के मुख्यमंत्री आरोपों का खंडन करेंगे, लेकिन ‘‘उन्होंने अब तक ऐसा नहीं किया है।’’
उन्होंने दावा किया कि राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था चरमरा गई है और अब यह जनता की सरकार नहीं है।
रियो ने मंगलवार को कहा था कि राज्य सरकार नगा राजनीतिक मुद्दे पर अपनी कोर कमेटी के माध्यम से विभिन्न नगा राजनीतिक समूहों और नागरिक संस्थाओं से बात कर रही है कि वे इस ज्वलंत मुद्दे के समाधान के लिए एकजुट हों।
चर्चा में मध्यस्थता के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से संपर्क करने वाली नगालैंड सरकार की कोर कमेटी पर थेरी ने कहा, ‘‘यह राज्य सरकार की संप्रभु शक्तियों को असम सरकार को सौंपने जैसा है।’’
उन्होंने इस बात पर भी आश्चर्य जताया कि नगालैंड सरकार की कोर कमेटी दूसरे राज्य के मुख्यमंत्री के पास क्यों गई।
थेरी ने कहा, ‘‘कांग्रेस सभी पड़ोसी राज्यों का सम्मान करती है, लेकिन हम राजनीतिक समाधान में दूसरे राज्य की भागीदारी नहीं चाहते क्योंकि यह नगालैंड से संबंधित मुद्दा है।’’
भाषा
देवेंद्र नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
