scorecardresearch
Saturday, 18 April, 2026
होमदेशकांग्रेस ने जेडपीएम सरकार की आलोचना की, चावल खरीद में घोटाले का आरोप लगाया

कांग्रेस ने जेडपीएम सरकार की आलोचना की, चावल खरीद में घोटाले का आरोप लगाया

Text Size:

आइजोल, 20 मार्च (भाषा) मिजोरम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एमपीसीसी) के अध्यक्ष लाल थनजारा ने शुक्रवार को सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) पर तीखा हमला करते हुए दावा किया कि सरकार से जनता की उम्मीदें ‘व्यापक निराशा’ में तब्दील हो गई हैं।

थनजारा ने यहां कांग्रेस भवन में आयोजित एक सभा में कहा कि दो साल सत्ता में रहने के बाद भी जेडपीएम अपनी छवि सुधारने में ‘नाकाम’ रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य की चावल आपूर्ति श्रृंखला में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।

उन्होंने चावल की कीमतों में बढ़ोतरी के सरकार के फैसले की आलोचना की, जिससे राज्य के हर घर पर असर पड़ेगा।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने आपूर्ति का ठेका एक निजी कंपनी को दिया है, जो उनके अनुसार सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी नहीं थी।

थनजारा ने आरोप लगाया, ‘हमारे नेता चावल आपूर्ति प्रक्रिया पर कड़ी नजर रख रहे हैं और उन्होंने चौंकाने वाली अनियमितताएं उजागर की हैं।’

उन्होंने आरोप लगाया कि जहां 16 पहियों वाले ट्रक एक बार में चावल की 700 बोरियां ले जा सकते हैं, वहीं रिकॉर्ड से पता चलता है कि निजी कंपनी केवल 16 बोरियां ही ले जाती थी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘ये स्पष्ट रूप से संभावित भ्रष्टाचार के संकेत हैं।’

बार-बार कोशिश करने के बावजूद, कांग्रेस के आरोपों पर अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments