चंडीगढ़, 29 मार्च (भाषा) पंजाब के लुधियाना जिले में रविवार शाम को दो अज्ञात लोगों ने कुल्हाड़ी से हमला करके एक स्थानीय कांग्रेस नेता की हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
माछीवाड़ा में कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष परमिंदर तिवारी ने प्रवासी श्रमिकों के लिए किराए पर आवास उपलब्ध कराया था।
लुधियाना के कुम कलां थाने के प्रभारी अधिकारी परमदीप सिंह ने बताया कि दो अज्ञात लोग मोटरसाइकिल पर आए और कुर्सी पर बैठे तिवारी पर हमला कर दिया। उन्हें सिर में गंभीर चोटें आईं।
सिंह ने बताया कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन चोटों के कारण उनकी मौत हो गयी।
उन्होंने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘इस संबंध में एक मामला दर्ज कर लिया गया और जांच जारी है।’’ उन्होंने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। अपराध के पीछे के उद्देश्य का पता लगाया जा रहा है।
भाषा गोला संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
