scorecardresearch
Saturday, 24 October, 2026
होमदेशकर्नाटक विधान परिषद की चार सीट पर कांग्रेस और भाजपा-जद(एस) गठबंधन में मुकाबला

कर्नाटक विधान परिषद की चार सीट पर कांग्रेस और भाजपा-जद(एस) गठबंधन में मुकाबला

Text Size:

बेंगलुरु, 23 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक विधान परिषद की चार सीट पर चुनाव के लिए शुक्रवार को मतदान हुआ, जिसमें सत्तारूढ़ कांग्रेस और विपक्षी भाजपा-जद(एस) गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है।

जिन चार निर्वाचन क्षेत्रों के लिए मतदान हुआ, उनमें दक्षिण-पूर्व स्नातक, पश्चिम स्नातक, उत्तर-पूर्व शिक्षक और बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं।

मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम करीब चार बजे समाप्त हो गया। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 73.58 प्रतिशत, पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 75.62 प्रतिशत, उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 86.97 प्रतिशत और बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 81.98 प्रतिशत मतदान हुआ।

चारों सीट पर कुल 43 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

भाजपा ने पहले तीन निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उसकी सहयोगी जद(एस) बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ रही है।

दक्षिण-पूर्व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के उम्मीदवार शशि हुलिकुंते मठ का मुकाबला भाजपा के केएम सुरेश से है। पश्चिम स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार मोहन लिम्बिकाई को भाजपा के मौजूदा विधान परिषद सदस्य एसवी संकनूर चुनौती दे रहे हैं।

उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार शरणप्पा मत्तूर का मुकाबला भाजपा के मौजूदा विधान परिषद सदस्य शशिल जी नामोशी से है। बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य पुट्टन्ना और जद(एस) के उम्मीदवार एपी रंगनाथ के बीच मुकाबला है।

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, मतदान के दौरान कुछ मामूली घटनाएं भी हुईं।

राज्य की 75 सदस्यीय विधान परिषद में फिलहाल कांग्रेस के 38, भाजपा के 24 और जद(एस) के छह सदस्य हैं। सदन में एक निर्दलीय सदस्य और सभापति सलीम अहमद भी हैं। सरकार की ओर से मनोनीत किए जाने वाले पांच सदस्यों के पद खाली हैं।

भाषा

शुभम पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments