scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशपैगंबर पर टिप्पणी: पुणे पुलिस ने नवीन कुमार जिंदल के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी

पैगंबर पर टिप्पणी: पुणे पुलिस ने नवीन कुमार जिंदल के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी

Text Size:

पुणे (महाराष्ट्र), 11 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी से निष्कासित कर दिये गए पार्टी की दिल्ली इकाई के मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल के खिलाफ महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस ने शनिवार को कहा कि पैगंबर मोहम्मद के बारे में सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट के जरिये कथित तौर पर धार्मिक भावनाएं आहत करने को लेकर जिंदल के खिलाफ यह प्राथमिकी दर्ज की गई है।

एक अधिकारी ने बताया कि स्थानीय निवासी जाकिर इलियास शेख की शिकायत पर शहर के कोंढवा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया।

उन्होंने कहा कि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एक जून को पैगंबर मोहम्मद के बारे में विवादित ट्वीट कर जिंदल ने मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। इस शिकायत के आधार पर जिंदल के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

जिंदल पर भारतीय दंड संहिता की धारा 153-ए (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना), 153-बी (राष्ट्रीय एकता के लिए हानिकारक बयान देना), 295-ए ( धर्म और धार्मिक विश्वास का अपमान करने के इरादे से जानबूझकर किया गया दुर्भावनापूर्ण कृत्य), 298 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से शब्दों का उच्चारण आदि) और धारा 505-दो (सार्वजनिक शरारत करने वाले बयान) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस महीने की शुरुआत में भाजपा की तत्कालीन प्रवक्ता नुपुर शर्मा के खिलाफ कोढवा पुलिस थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पैंगबर के खिलाफ उनकी कथित अपमानजनक टिप्पणी को लेकर यह मामला दर्ज किया गया था।

शर्मा के खिलाफ पुणे नगर निगम (पीएमसी) के पूर्व पार्षद अब्दुल गफूर पठान ने शिकायत दायर की थी। भाजपा ने गत पांच जून को अपनी राष्ट्रीय प्रवक्ता नुपुर शर्मा को निलंबित कर दिया था और जिंदल को निष्कासित कर दिया था।

भाषा संतोष सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments