scorecardresearch
Saturday, 24 October, 2026
होमदेशचोरबागान में भगदड़ मुख्य रूप से मानवीय चूक के कारण हुई : शुभेंदु अधिकारी

चोरबागान में भगदड़ मुख्य रूप से मानवीय चूक के कारण हुई : शुभेंदु अधिकारी

Text Size:

कोलकाता, 23 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ मुख्य रूप से मानवीय चूक का नतीजा थी। उन्होंने घटना में 19 लोगों की मौत को ‘‘बेहद दुखद’’ बताया।

शुभेंदु ने यह टिप्पणी दो पीड़ितों-मानिकतला के बागमारी निवासी शुभम सोनकर और श्यामपुकुर निवासी मिठू मंडल-के आवास का दौरा करने के बाद की। उन्होंने शोकसंतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भगदड़ मुख्य रूप से मानवीय चूक के कारण मची थी। बाकी बातों की पड़ताल एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश करेंगी, जिन्हें जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस उनकी मदद करेगी और गवाह अपने बयान दर्ज कराएंगे। तीन महीने के भीतर रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जांच के आधार पर की गई सिफारिशों को लागू करेगी और निष्कर्षों को सार्वजनिक करेगी।

शुभेंदु ने कहा, ‘‘जो भी सिफारिशें की जाएंगी, राज्य सरकार उन्हें लागू करेगी। सरकार तुरंत रिपोर्ट को विधानसभा के सामने रखेगी, संवाददाताओं को उपलब्ध कराएगी और इसे सार्वजनिक रूप से भी जारी करेगी।’’

उन्होंने शोकसंतप्त परिवारों के प्रति एकजुटता जताते हुए कहा, ‘‘इन परिवारों के साथ खड़ा होना मेरी जिम्मेदारी है। मैंने उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है। मैं उन निजी एजेंसियों और राजनीतिक संगठनों को भी धन्यवाद देना चाहता हूं, जो इन परिवारों के साथ खड़े रहे हैं।’’

भाषा पारुल नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments