scorecardresearch
Thursday, 12 March, 2026
होमदेशराष्ट्रपति के प्रस्तावित अयोध्या दौरे की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की समीक्षा

राष्ट्रपति के प्रस्तावित अयोध्या दौरे की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की समीक्षा

Text Size:

लखनऊ, 12 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या जिले में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित दौरे के संबंध में बृहस्पतिवार को समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इससे पहले, मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को अयोध्या के दौरे पर आएंगी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने सुरक्षा, साफ-सफाई और आगंतुकों के प्रवास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन मार्ग पर प्रत्येक 500 मीटर की दूरी पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए और इन स्थलों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति के स्वागत के लिए स्कूली बच्चे तिरंगा लेकर उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि मंच पर उपस्थित लोगों की सूची पहले से तैयार कर ली जाए तथा पूज्य संतों के आगमन व ठहरने की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी जाएं।

उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्रम में वाल्मीकि मंदिर, सिख और जैन समुदाय के संतों व महंतों को भी आमंत्रित किया जाए तथा समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों को भी कार्यक्रम में बुलाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डे, बस अड्डे और टैक्सी स्टैंड पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। वाहनों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने और आने वाले व्यक्तियों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को सक्रिय रखते हुए एंटी-ड्रोन नियंत्रण कक्ष को अलर्ट रखा जाए। जिला प्रशासन और न्यास के पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूरी करें।

मुख्यमंत्री ने आगामी रामनवमी पर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने कहा कि रामनवमी अयोध्या के प्रमुख पर्वों में से एक है और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर परिसर में बिना जांच के किसी को भी प्रवेश न दिए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि रामनवमी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अयोध्या आने का अनुमान है जिनमें से अधिकांश दर्शन-पूजन करेंगे।

मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लता मंगेशकर चौक से हनुमानगढ़ी तक गोल्फ कार्ट संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उन्हें अधिक दूरी तक पैदल न चलना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवधि में रामपथ, धर्मपथ सहित प्रमुख मार्गों पर शराब और मांस की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रखी जाए।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने परिक्रमा मार्ग और मंदिर संग्रहालय के निर्माण की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों और न्यास के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

भाषा जफर

खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments