scorecardresearch
Sunday, 23 November, 2025
होमदेशमुख्यमंत्री शर्मा ने भाजपा के संभागीय पदाधिकारियों के साथ चर्चा की

मुख्यमंत्री शर्मा ने भाजपा के संभागीय पदाधिकारियों के साथ चर्चा की

Text Size:

जयपुर, 23 नवंबर (भाषा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आगामी स्थानीय निकाय चुनाव के मद्देनजर रविवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की तैयारियों के संबंध में अजमेर और बीकानेर संभाग के पार्टी पदाधिकारियों के साथ चर्चा की।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री निवास पर बंद कमरे हुई इस बैठक में भाजपा के जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, राज्य वित्त आयोग के प्रमुख अरुण चतुर्वेदी, सांसद सी.पी. जोशी, राज्यसभा सदस्य घनश्याम तिवाड़ी और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी भी मौजूद थे।

बैठक में बूथ-स्तर नेटवर्क को मजबूत करने और राज्य सरकार के अब तक के काम की जानकारी मतदाताओं तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।

शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने दो साल के कार्यकाल में पिछली कांग्रेस सरकार की तुलना में “कई गुना ज़्यादा काम” किया है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार के काम व उपलब्धियों का अधिकाधिक प्रचार प्रसार करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा, “भाजपा में हर कार्यकर्ता को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। हम एक गुलदस्ते की तरह एकजुट और समर्पित होकर काम करते हैं।”

प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ ने वार्डों के पुनर्गठन व नए जिले बनाने के मामले में पिछली कांग्रेस सरकार पर “राजनीति से प्रेरित फैसले” लेने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने अनेक लंबित मामलों में मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति से कदम बढ़ाए हैं।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि संगठनात्मक मजबूती की रणनीति के तहत इसी तरह की बैठक जारी रहेंगी।

भाषा पृथ्वी नोमान

नोमान

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments