चंडीगढ़, चार फरवरी (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को कांग्रेस नेताओं पर यह झूठ फैलाने का आरोप लगाया कि एक फरवरी को पेश किए गए केंद्रीय बजट में राज्य की अनदेखी की गई है। सैनी ने दावा किया कि उन्होंने दस्तावेज को समझे बिना ही सोशल मीडिया पर इसका विरोध करना शुरू कर दिया।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, कुमारी सैलजा और दीपेंद्र हुड्डा सहित हरियाणा के कई कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय बजट की कड़ी आलोचना करते हुए दावा किया है कि इसने राज्य को खाली हाथ छोड़ दिया है।
इन दावों का खंडन करते हुए सैनी ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि समावेशी बजट हरियाणा में कृषि, औद्योगिक विकास, बुनियादी ढांचे, एमएसएमई, बायोफार्मा, स्वास्थ्य सेवा, ग्रामीण उद्योग, खेल और अन्य क्षेत्रों में विकास को और गति देगा।
सैनी ने कांग्रेस नेताओं को ‘ट्वीट मास्टर’ बताया और कहा कि उन्होंने बजट को पढ़े या समझे बिना ही उस पर प्रतिक्रिया दी।
सैनी ने कहा, ‘उनमें से कुछ ने संसद में बजट पेश करने के दौरान बीच में ही ‘एक्स’ पर दावा किया कि हरियाणा को कुछ नहीं मिला।’
सैनी ने कांग्रेस नेताओं पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘उन्होंने (कांग्रेस नेताओं) यह भी कहा कि किसानों को कुछ नहीं दिया गया है और राज्य की अनदेखी की गई है।’
सैनी ने कहा, ‘मैं इन ‘ट्वीट मास्टर’ से पूछता हूं, जब कांग्रेस सत्ता में थी तब हरियाणा को क्या मिला? राहुल गांधी को बताना चाहिए कि कांग्रेस ने कृषि क्षेत्र के लिए क्या प्रावधान किए थे। उनके समय में कृषि के लिए बजट मात्र 25,000 करोड़ रुपये था जो अब 1.62 लाख करोड़ रुपये है।’
सैनी ने आरोप लगाया, ‘कांग्रेस नेता झूठ बोलने और जनता को गुमराह करने में माहिर हैं। वे झूठ बोलते हैं और फिर भाग जाते हैं।’
भाषा
शुभम संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
