scorecardresearch
Saturday, 31 October, 2026
होमदेशछत्तीसगढ़ स्थापना दिवस : एक से तीन नवंबर तक होगा राज्योत्सव का आयोजन

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस : एक से तीन नवंबर तक होगा राज्योत्सव का आयोजन

Text Size:

रायपुर, 31 अक्टूबर (भाषा) छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के दिवस के अवसर पर एक से तीन नवंबर तक नवा रायपुर में ‘छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026’ का आयोजन किया जाएगा। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि अटल नगर स्थित डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर, मेला ग्राउंड में आयोजित तीन दिवसीय राज्योत्सव प्रदेश की समृद्ध विरासत, जनसामर्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को समर्पित होगा।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में इस वर्ष राज्योत्सव का विषय ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखा गया है। वहीं विभागीय विकास प्रदर्शनियां, लोककला एवं शिल्प, राष्ट्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियां और भारतीय वायुसेना की सारंग टीम का रोमांचक एयर शो आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।

अधिकारियों ने बताया कि राज्योत्सव के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम तथा खेल मंत्री मनसुख मांडविया होंगे। दूसरे दिन दो नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि होंगे।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तीन नवंबर को समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भी दो नवंबर को राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अधिकारियों ने बताया कि राज्योत्सव का विशेष आकर्षण दो नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयर शो होगा।

उन्होंने बताया कि ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व वाली सारंग टीम में महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं।

यह प्रदर्शन भारतीय वायुसेना के शौर्य, अनुशासन और उड़ान दक्षता के साथ स्वदेशी विमानन तकनीक की क्षमता का परिचय देगा।

अधिकारियों ने बताया कि राज्योत्सव में तीनों दिन अपराह्न चार बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा। शाम चार बजे से स्थानीय कलाकार, शाम सात बजे से राज्य स्तरीय कलाकार और रात आठ बजे से राष्ट्रीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। भाषा संजीव जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments