नयी दिल्ली, 20 मार्च (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)-माओवादी के सदस्यों द्वारा 2024 में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) शिविर पर किए गए हमले के संबंध में तीन फरार आरोपियों सहित छह अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया।
एनआईए द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक, स्वचालित हथियारों और स्वदेशी रूप से निर्मित बैरल ग्रेनेड लॉन्चर (बीजीएल) से लैस माओवादियों ने धर्मवरम शिविर पर हमला किया था, जिसमें सीआरपीएफ के 12 जवान घायल हो गए थे। तत्कालीन नवनिर्मित धर्मवरम शिविर के अलावा माओवादियों ने 16 जनवरी, 2024 को बीजापुर जिले के चिन्तावागु और पामेड स्थित सीआरपीएफ के दो अन्य शिविरों पर भी एक साथ हमला किया था।
गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों के नाम अवलम भीमा, मदकम नंदा और मदकम देवा उर्फ रतन हैं, जिनके खिलाफ आरोपपत्र दायर किया गया है।
वहीं, प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन की एक विशेष क्षेत्रीय समिति (एसजेडसी) का सदस्य फरार है।
जांच एजेंसी ने अन्य आरोपियों के बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की। एनआईए ने बताया कि इन छह आरोपियों के खिलाफ पूरक आरोपपत्र दाखिल किये जाने के साथ ही इस मामले में एनआईए द्वारा आरोपी बनाये गये लोगों की कुल संख्या 23 हो गई है।
एजेंसी ने पिछले साल जून में 17 माओवादियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया था।
भाषा जितेंद्र देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
