scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशचंद्रावल जल शोधन संयंत्र में खराबी,दिल्ली के कई इलाकों में दिन में केवल एक बार पानी की आपूर्ति होगी

चंद्रावल जल शोधन संयंत्र में खराबी,दिल्ली के कई इलाकों में दिन में केवल एक बार पानी की आपूर्ति होगी

Text Size:

नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) चंद्रावल जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) में समस्याओं के कारण चाणक्यपुरी, कश्मीरी गेट और पहाड़गंज सहित उत्तरी और मध्य दिल्ली के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति दिन में अब केवल एक बार की जाएगी। दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) ने एक आदेश जारी करके यह जानकारी दी।

हालांकि, डीजेबी के आदेश में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि आपूर्ति कितने दिनों तक प्रभावित रहेगी, लेकिन बोर्ड के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘अगले कुछ दिनों के लिए आपूर्ति का समय कम कर दिया गया है।’

चंद्रावल जल शोधन संयंत्र से जुड़े कई भूमिगत जलाशयों और बूस्टर पंपिंग स्टेशनों के लिए डीजेबी ने रोस्टर जारी किया। जिसके अनुसार, अब जल की आपूर्ति सुबह या शाम को केवल एक बार की जाएगी जबकि पहले दिन में दो बार पानी की आपूर्ति की जाती थी।

हिंदूराव अस्पताल, नया बाजार, कश्मीरी गेट, मोतिया खान, पूसा रोड, राजेंद्र नगर और पहाड़गंज जैसे इलाकों में केवल सुबह के समय ही पानी की आपूर्ति होगी। विनय मार्ग, चाणक्यपुरी, नेहरू पार्क, अशोक होटल, अकबर रोड और सरोजिनी नगर जैसे अन्य इलाकों में शाम के समय पानी मिलेगा।

चंद्रावल संयंत्र में 22 मार्च से 600 मिलीमीटर व्यास वाली पानी की पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने के कारण मध्य दिल्ली और नयी दिल्ली नगर परिषद (एनडीएमसी) के अंतर्गत आने वाले कई क्षेत्र प्रभावित हुए हैं।

आदेश में कहा गया, ‘‘असुविधा के लिए क्षमा चाहते हैं। दिल्ली जल बोर्ड की टीमें जल आपूर्ति बहाल करने के लिए काम कर रही हैं।’’

अधिकारियों के अनुसार, डीजेबी वर्तमान में दो पंप सेट संचालित कर रहा है जिनकी क्षमता प्रतिदिन 18 मिलियन गैलन (एमजीडी) पानी पंप करने की है।

भाषा तान्या संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments