scorecardresearch
Sunday, 1 March, 2026
होमदेशकेंद्र का लक्ष्य तमिलनाडु का विकास : प्रधानमंत्री मोदी

केंद्र का लक्ष्य तमिलनाडु का विकास : प्रधानमंत्री मोदी

Text Size:

मदुरै, एक मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि केंद्र का “सामूहिक लक्ष्य” विकसित भारत के लिए एक विकसित तमिलनाडु है और उन्होंने साथ ही आश्वासन दिया कि केंद्र समावेशी विकास और राज्य की प्रगति को सक्षम बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

यहां 4,400 करोड़ रुपये से अधिक की अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “हमारा सामूहिक लक्ष्य एक विकसित भारत के लिए एक विकसित तमिलनाडु है। प्रत्येक भारतीय 2047 तक एक विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए प्रेरित है। तमिलनाडु राष्ट्र के भविष्य को आकार देने में निर्णायक भूमिका निभाएगा।”

उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार समावेशी विकास और राज्य की प्रगति को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध रहेगी।

उन्होंने कहा कि तमिलनाडु का समृद्ध इतिहास है और आदिचनल्लूर जैसे ऐतिहासिक स्थलों को वैश्विक धरोहर स्थलों के रूप में विकसित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि वंदे भारत की 9 ट्रेनों और अमृत भारत की 9 ट्रेनों से तमिलनाडु के लोगों को लाभ हुआ है और इनके डिब्बों का निर्माण आईसीएफ में किया गया था।

उनके अनुसार, रेलवे एक आधुनिक, कुशल और जन-केंद्रित परिवहन प्रणाली के रूप में उभर रहा था और यह तमिलनाडु में स्पष्ट रूप से दिखाई देता था।

प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्य राष्ट्रीय राजमार्गों के मरकन्नम–पुदुचेरी खंड तथा परमाकुड़ी–रमणाथपुरम खंड को चार लेन बनाने की आधारशिला रखी।

उन्होंने तमिलनाडु में आठ पुनर्निर्मित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया और चेन्नई बीच–चेन्नई एग्मोर चौथी रेल लाइन राष्ट्र को समर्पित की।

उन्होंने तमिलनाडु में प्रसारण सेवाओं को और मजबूत करने और क्षेत्रीय कवरेज का विस्तार करने, निर्बाध एफएम प्रसारण सुनिश्चित करने और राज्य के कई जिलों में सार्वजनिक प्रसारण सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने के लिए कुंभकोणम, येरकौड और वेल्लोर में तीन नए आकाशवाणी एफएम रिले ट्रांसमीटरों का उद्घाटन किया।

भाषा

जोहेब प्रशांत नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments