scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमदेशकेंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने चिड़ियाघरों के प्रति सीएसआर योगदान संभावना पर समिति गठित की

केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण ने चिड़ियाघरों के प्रति सीएसआर योगदान संभावना पर समिति गठित की

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) ने चिड़ियाघरों के लिए सीएसआर योगदान की संभावनाओं का अध्ययन करने और रिपोर्ट देने के लिए मंगलवार को एक उप-समिति गठित करने का निर्णय लिया।

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने राष्ट्रीय प्राणी उद्यान में सीजेडए की 43वीं बैठक की अध्यक्षता की।

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों में चिड़ियाघरों के लिए कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योगदान की संभावनाओं की जांच और रिपोर्ट पेश करने के लिए एक उप-समिति का गठन तथा राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति की बैठकों के अनुरूप, सीजेडए बैठकों में वृद्धि करना शामिल है।’’

यादव ने बैठक में इस बात पर प्रकाश डाला कि चिड़ियाघरों का प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन (एमईई) एक साक्ष्य-आधारित, व्यापक, समग्र और स्वतंत्र अभ्यास है जो देश भर के चिड़ियाघरों में उच्चतम मानकों को बनाए रखने को प्रोत्साहित करता है।

मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘ बैठक में यह कहा गया कि चिड़ियाघर संबंधी राष्ट्रीय नीति में परिकल्पित उद्देश्यों में से एक चिड़ियाघर आने वाले लोगों में जंगली जानवरों के प्रति सहानुभूति जगाना और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने की आवश्यकता के बारे में समझ एवं जागरूकता को बढ़ावा देना है।’’

पर्यावरण मंत्रालय के वैधानिक निकाय, सीजेडए ने मंगलवार को राष्ट्रीय प्राणी उद्यान में अपना 34वां स्थापना दिवस भी मनाया।

इस अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि चिड़ियाघर केवल एक प्रदर्शन केंद्र नहीं है जहां लोग जानवरों को देखने आते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ यह शोधकर्ताओं और वैज्ञानिकों के लिए पशु व्यवहार, पशु देखभाल के बारे में अधिक जानने और बेहतर चिकित्सा पद्धतियों को विकसित करने का एक बड़ा अवसर भी है। हम यहां बेचारे, असहाय जानवरों की देखभाल कर रहे हैं। हमें वास्तव में इस बात के प्रति बहुत संवेदनशील होने की आवश्यकता है कि उनके लिए क्या-क्या किया जा सकता है।’’

भाषा

राजकुमार पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments