नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने सोमवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार उन विपक्षी दलों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का ‘बेशर्मी से’ दुरुपयोग कर रही है जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि देश एक दलीय शासन की ओर बढ़ रहा है।
राय ने यहां संवाददाताओं से कहा कि यह अब कोई रहस्य नहीं रह गया है और यह किसी एक या दो विपक्षी दलों की बात भी नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अब उन सभी दलों के खिलाफ ईडी का दुरुपयोग कर रही है जो भाजपा के खिलाफ बोलने की हिम्मत करते हैं। उनसे कथित धनशोधन मामले में दिल्ली के मंत्री सत्येंद्र जैन की न्यायिक हिरासत के बारे में सवाल किया गया था।
उन्होंने कहा, ‘केंद्रीय एजेंसी का पहले भी दुरुपयोग किया जाता था। लेकिन अब उनका खुलेआम और बेशर्मी से दुरुपयोग किया जा रहा है। मुझे लगता है कि यह भारत में एक नए दौर की शुरुआत है। देश एक दलीय शासन की ओर बढ़ रहा है।’
राय ने दावा किया कि जैन हों, या कांग्रेस नेता राहुल गांधी हों या शिवसेना प्रवक्ता संजय राउत…, अब नाम भी मायने नहीं रखते। उन्होंने कहा कि यह कदम देश के संवैधानिक सिद्धांतों के खिलाफ है।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को ईडी ने शिवसेना नेता राउत को 2018 के कथित धनशोधन के एक मामले में तलब किया। राहुल गांधी से नेशनल हेराल्ड अखबार से जुड़े कथित धनशोधन मामले में ईडी ने हाल ही में पूछताछ की थी।
भाषा अविनाश मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
