नागपुर (महाराष्ट्र), 24 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर में नगर निकाय के बारे में सोशल मीडिया पर अपमानजनक पोस्ट करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि सदर पुलिस ने एक स्थानीय पत्रकार और सोशल मीडिया के जरिए प्रभाव डालने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 500 (मानहानि), 501 (मानहानि जन्य सामग्री मुद्रित या प्रसारित करने) के तहत एक मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि एक आरोपी ने शहर में सिविल20 इंडिया 2023 की बैठक खत्म होने के बाद बुधवार को फुटला झील से पौधे हटाए जाने के लिए नागपुर नगर निगम की आलोचना करते हुए कथित तौर पर एक ट्वीट किया था।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपने ट्वीट में नगर निगम आयुक्त राधाकृष्ण बी की एक तस्वीर का इस्तेमाल किया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अन्य आरोपी ने नगर निगम द्वारा एक प्रतिमा के अनुचित लेबल को लेकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर एक वीडियो साझा किया था।
भाषा
गोला मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
