scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशठाणे में पूर्व अधिकारी के खिलाफ कर्मचारी के साथ बलात्कार करने का मामला दर्ज

ठाणे में पूर्व अधिकारी के खिलाफ कर्मचारी के साथ बलात्कार करने का मामला दर्ज

Text Size:

ठाणे, 21 अप्रैल (भाषा) ठाणे महानगरपालिका (टीएमसी) के एक सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त के खिलाफ पद का दुरुपयोग करते हुए तीन साल की अवधि में एक महिला कर्मचारी के साथ बलात्कार करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पीड़िता महानगरपालिका में डेटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में काम करती थी। उसने आरोप लगाया कि आरोपी उसे अपने किराए के फ्लैट में ले गया, उसके पेय में नशीला पदार्थ मिलाया और उसके साथ बलात्कार किया।

प्राथमिकी के अनुसार, आरोप है कि उसने इस घटना का वीडियो बनाया और बाद में उसका इस्तेमाल करके उससे और यौन संबंध बनाने की अनुचित की मांग की। यह कथित अपराध 2020 और 2023 के बीच हुआ।

प्राथमिकी के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर पीड़िता को भविष्य बताने के बहाने नासिक में अशोक खरात के पास ले गया जहां उसके साथ कथित तौर पर कुछ अनुष्ठान किए गए और उसे एक विशेष पत्थर पहनने के लिए मजबूर किया गया।

नासिक पुलिस ने कई महिलाओं के यौन शोषण और धोखाधड़ी के आरोप में स्वयंभू बाबा खरात को गिरफ्तार किया है। प्रवर्तन निदेशालय भी उससे पूछताछ कर रहा है।

पूर्व महानगरपालिका अधिकारी और अन्य व्यक्तियों के खिलाफ ठाणे के कासरवाडावली में 20 अप्रैल को भारतीय दंड संहिता (क्योंकि अपराध 2020 में हुआ) की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

पुलिस के अनुसार, कथित अपराध टीएमसी मुख्यालय, एक प्रमुख आवासीय सोसायटी में किराए के फ्लैट और ठाणे रेलवे स्टेशन के पास एक अन्य अपार्टमेंट सहित विभिन्न स्थानों पर हुए।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हम जांच कर रहे हैं। अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।’

भाषा

शुभम रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments