औरंगाबाद (महाराष्ट्र), 10 मार्च (भाषा) औरंगाबाद शहर का नाम बदलकर छत्रपति संभाजीनगर किए जाने के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर लोकसभा सदस्य इम्तियाज जलील और 1,500 से अधिक लोगों के खिलाफ शुक्रवार को एक मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। औरंगाबाद से सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) नेता जलील ने बृहस्पतिवार की रात यहां जिलाधिकारी कार्यालय से जुबली पार्क तक ‘‘कैंडल मार्च’’ का नेतृत्व किया था और प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया था।
अधिकारी ने कहा कि नाम बदले जाने के खिलाफ गठित एक समिति के प्रमुख अय्यूब जहांगीरदार को अनुमति नहीं दिए जाने के बावजूद ‘‘कैंडल मार्च’’ निकाला गया। उन्होंने कहा कि जलील, जहांगीरदार और 1,500 से अधिक प्रदर्शनकारियों के खिलाफ गैरकानूनी तरीके से एकत्र होने पर भारतीय दंड संहिता और महाराष्ट्र पुलिस कानून के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा अविनाश माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
