नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के प्रवर्तन कार्य बल (ईटीएफ) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) और आसपास के क्षेत्रों में 19 फरवरी से 13 मार्च तक प्रवर्तन और निरीक्षण गतिविधियों की समीक्षा करने के लिए अपनी 127वीं बैठक की। बैठक मंगलवार को हुई।
इस दौरान, हवाई दस्तों ने वायु प्रदूषण के लिए जिम्मेदार प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण किया, जिनमें औद्योगिक इकाइयां, निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियां, सड़क की धूल, डीजल जनरेटर सेट, ठोस अपशिष्ट और जैविक पदार्थ जलाना शामिल है।
एक अधिकारी ने बताया, ‘‘कुल 79 निरीक्षण रिपोर्ट प्राप्त हुईं। इनमें से 14 इकाइयों को बंद करने का प्रस्ताव है, 27 इकाइयों के डीजल जनरेटर सेट को सील करने का प्रस्ताव है और 20 इकाइयों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।’’
ईटीएफ ने सड़क धूल प्रबंधन से संबंधित क्षेत्रीय प्रवर्तन कार्रवाइयों की भी समीक्षा की, जिसमें दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) जैसी विभिन्न एजेंसियों द्वारा अनुरक्षित क्षेत्रों में किए गए निरीक्षण शामिल हैं।
अधिकारी ने बताया कि मंगलवार तक, आयोग के उड़न दस्तों द्वारा कुल 26,498 इकाइयों/परियोजनाओं/संस्थाओं का निरीक्षण किया जा चुका है। इन निरीक्षणों के आधार पर, नियमों का पालन नहीं करने पर 1,743 इकाइयों को बंद करने के निर्देश जारी किए गए हैं… इनमें से, संबंधित इकाइयों द्वारा नियमों का पालन सुनिश्चित होने पर 1,317 पुनः शुरू करने के आदेश जारी किए गए हैं।
भाषा अमित सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
