scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशअसम में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समाप्त

असम में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार समाप्त

Text Size:

गुवाहाटी, सात अप्रैल (भाषा) असम विधानसभा चुनाव के लिए आरोप-प्रत्यारोप और वादों से भरा प्रचार अभियान मंगलवार शाम 5 बजे खत्म हो गया।

कुल 722 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करने के लिए 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे।

त्रिपुरा में धर्मनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए भी प्रचार मंगलवार को थम गया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं ने कांग्रेस पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को असम की ज़मीन पर बसने के लिए बढ़ावा दे रही है, और अपने शासन के दौरान उग्रवाद को नियंत्रित करने और विकास और रोज़गार लाने में नाकाम रही है।

राज्य में सत्ताधारी पार्टी ने दावा किया कि उसने चाय बागान में काम करने वालों को ज़मीन के मालिकाना हक दिए, महिलाओं के लिए सशक्तीकरण योजनाएं लाई गईं, लड़कियों को वित्तीय मदद दी, और बाल विवाह में 84 प्रतिशत की कमी लाई।

भाजपा नेताओं ने दावा किया कि राज्य में बहुविवाह को रोकने के लिए समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी।

विपक्षी कांग्रेस और उसके गठबंधन के साथियों ने भाजपा पर ‘नफ़रत की राजनीति’ करने, बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार करने, खासकर मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और उनके परिवार के सदस्यों पर भ्रष्टाचार के, और गायक जुबिन गर्ग को न्याय दिलाने के लिए गंभीर न होने का आरोप लगाया है। जुबिन की पिछले साल 19 सितंबर को सिंगापुर में मौत हो गई थी।

कांग्रेस ने कहा कि अगर वह सत्ता में आई, तो वह गर्ग को न्याय, महिलाओं को आर्थिक मदद, लोगों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना, मूल निवासियों के लिए ज़मीन के अधिकार और दूसरे लाभ मुहैया कराएगी।

मुख्यमंत्री शर्मा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई और उनकी पत्नी पर पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी आईएसआई से संबंध रखने का आरोप लगाया।

दूसरी ओर, विपक्षी पार्टी ने शर्मा की पत्नी रिंकी भुइयां शर्मा पर तीन पासपोर्ट रखने, दुबई में संपत्ति और मुखौटा कंपनियों में संपत्ति रखने का आरोप लगाया।

चुनाव में शामिल मुख्य उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गौरव गोगोई, एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल, विधानसभा अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी, विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया, वरिष्ठ मंत्री रनोज पेगु, चंद्रमोहन पटवारी, अतुल बोरा, केशव महंत, अजंता नियोग, अशोक सिंघल, रायजोर दल के प्रमुख अखिल गोगोई और एजेपी अध्यक्ष लुरिंज्योति गोगोई शामिल हैं।

त्रिपुरा में धर्मनगर उपचुनाव के लिए आगामी नौ अप्रैल को होने वाले मतदान में भाजपा, वाम मोर्चा और कांग्रेस ने अलग-अलग उम्मीदवार उतारे हैं।

विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा नेता विश्व बंधु सेन की पिछले साल दिसंबर में निधन के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है।

भाषा

वैभव दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments