रांची, 22 जून (भाषा) झारखंड की मंदार विधानसभा सीट पर उपचुनाव से एक दिन पहले बु€धवार को निर्वाचन क्षेत्र में तीन हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार झा ने बुधवार को कहा कि मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किये गए हैं और सभी मतदेय स्थलों पर सौ प्रतिशत सुरक्षा कवच मुहैया करवाया गया है।
एसएसपी ने कहा, “तीन हजार से अधिक सुरक्षाबलों के जवानों को तैनात किया गया है जिसमें जिला सशस्त्र बल (डीएपी), झारखंड सशस्त्र बल (जेएपी), सीआरपीएफ और एसएसबी कर्मी शामिल हैं।” उपचुनाव में 3.54 लाख से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार के प्रयोग के लिए पात्र हैं इनमें 1.75 लाख महिलाएं शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और शाम चार बजे तक चलेगा। मतगणना 26 जून को होगी।
सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा नीत सरकार की गठबंधन सहयोगी कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित सीट को बचाना है। इस उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवार देव कुमार धान के बीच कांटे की टक्कर होने की संभावना है। भ्रष्टाचार के मामले में विधायक बंधु टिरके को अयोग्य घोषित कर दिया गया था जिसके बाद इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
भाषा यश पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
